इंदौर शहर के वरिष्ठ नागरिकों की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से अलग तरह का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता हिंदी फिल्मों के गीतों पर आधारित होगी, जिसमें शहर के वरिष्ठ नागरिक अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। निशुल्क रजिस्ट्रेशन होंगे, वहीं विजेता को 51 हजार का इनाम भी दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक इस प्रतियोगिता में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पुरुष और महिला वरिष्ठ नागरिक भाग ले सकते हैं। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए सभी प्रतिभागियों का पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिक इसमें भाग ले सकें।
आनंदम सीनियर सिटीजन सेंटर द्वारा आयोजित लोकप्रिय गायन प्रतियोगिता ‘वॉइस ऑफ सीनियर्स-8’ की पंजीयन प्रक्रिया को दो भागों में विभाजित किया गया है। इंदौर नगर निगम क्षेत्र के निवासियों के लिए ऑफलाइन पंजीयन की व्यवस्था की गई है, जबकि नगर निगम क्षेत्र से बाहर रहने वाले प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीयन करा सकेंगे। ऑफलाइन पंजीयन 15 मार्च 2026 तक किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- अब भागीरथपुरा के लोग जलसंकट से परेशान, नई लाइन बिछी, लेकिन कनेक्शन नहीं ले पा रहे रहवासी
प्रतियोगिता के लिए पंजीयन फॉर्म विजय नगर स्थित कार्यालय ए-15, स्लाइस-5, स्कीम-78, से प्राप्त किए जा सकते हैं। आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को एक सकारात्मक और रचनात्मक मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने संगीत प्रेम को अभिव्यक्त कर सकें और सामाजिक रूप से सक्रिय बने रहें। प्रतियोगिता के विजेता को 51 हजार रुपये और उपविजेता को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।
