ग्वालियर के बरेठा टोल प्लाजा पर सोमवार को स्कार्पियो सवार युवकों ने गलत दिशा में प्रवेश किया। कर्मचारियों द्वारा Toll Tax मांगने पर विवाद हुआ और मारपी …और पढ़ें

HighLights
- घटना टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में पूरी कैद
- कुछ दिन पहले यहां गोलीबारी की घटना भी हुई
- कर्मचारी चौकी पहुंचे, लेकिन अभी तक शिकायत दर्ज नहीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: ग्वालियर के बरेठा टोल प्लाजा पर एक बार फिर विवाद की घटना सामने आई है। सोमवार दोपहर स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों ने गलत दिशा से टोल प्लाजा में प्रवेश किया। कर्मचारियों ने उन्हें रोककर टोल टैक्स (Toll Tax) देने और गाड़ी सही लेन में लाने के लिए कहा, जिस पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हो गई।
गलत दिशा में घुसी स्कार्पियो
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12:45 बजे सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो भिंड की ओर से बरेठा टोल प्लाजा पर पहुंची। गाड़ी में सवार युवक जल्दबाजी में एयरपोर्ट जाने की बात कह रहे थे। जल्दी निकलने के लिए उन्होंने वाहन को गलत दिशा में मोड़ते हुए दूसरी तरफ की लेन में घुसा दिया।
जब टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने उन्हें रोका और गाड़ी वापस लेकर सही लेन में आने के साथ टोल टैक्स जमा करने को कहा, तो वाहन में बैठे युवक नाराज हो गए।
टोल कर्मचारी से की मारपीट
कर्मचारियों के समझाने पर स्कॉर्पियो में सवार युवकों के साथी गाड़ी से उतर आए और टोल कर्मचारी के साथ बहस करने लगे। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और उन्होंने कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार युवक वहां से भाग गए। यह पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस को शिकायत का इंतजार
घटना के बाद टोल प्लाजा के कर्मचारी बरेठा पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर ली थी, लेकिन कर्मचारियों को एक फोन आने के बाद वे शाम को आने की बात कहकर वहां से चले गए।
खबर लिखे जाने तक न तो टोल कर्मचारी थाने पहुंचे थे और न ही बरेठा पुलिस चौकी पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस फिलहाल फरियादी का इंतजार कर रही है।
पहले भी हो चुकी है गोलीबारी
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी बरेठा टोल प्लाजा पर गोलीबारी की घटना हुई थी। उस समय बाइक सवार युवकों ने भिंड हाईवे निर्माण नहीं होने को लेकर कैशियर पर गोली चलाई थी। इस मामले में दोनों आरोपित भिंड निवासी थे और पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर चुकी है।
बरेठा टोल प्लाजा पर मारपीट का फुटेज सामने आया है। कर्मचारी चौकी पहुंचे थे लेकिन FIR शाम को कराने की बात कहकर चले गए। शाम तक यह लोग नहीं आए।
यशवंत गोयल, थाना प्रभारी, महाराजपुरा।
