नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ग्वालियर भर्ती क्षेत्र (Agniveer recruitment 2026) में युवाओं के बीच भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। भर्ती प्रक्रिया के तहत 13 फरवरी से ऑनलाइन आवेदन शुरू हुए थे और यह प्रक्रिया एक अप्रैल तक जारी रहेगी।

अभी तक केवल 20 दिनों के भीतर ही 13 हजार 449 अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि आवेदन की अंतिम तिथि तक यह संख्या 40 हजार से भी अधिक पहुंच सकती है।

आयु सीमा बढ़ने से बढ़ी उम्मीदवारों की संख्या

इस वर्ष भर्ती प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 21 वर्ष से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी गई है। इससे उन युवाओं को भी आवेदन का अवसर मिल गया है जो पहले आयु सीमा के कारण आवेदन नहीं कर पाते थे। इसी वजह से इस बार आवेदन संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल रही है।

पिछले वर्ष लगभग 33 हजार अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन लिखित परीक्षा में भाग लिया था। लेकिन इस बार आवेदन की रफ्तार को देखते हुए यह आंकड़ा 40 हजार तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

मुरैना और भिंड के अभ्यर्थी सबसे आगे

अब तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार आवेदन करने वालों में मुरैना जिले के अभ्यर्थी सबसे आगे हैं। यहां से कुल 4,591 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इसके बाद भिंड जिले से 2,608 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

अन्य जिलों की बात करें तो ग्वालियर से 1,416, शिवपुरी से 1,664, टीकमगढ़ से 838, सागर से 857, दतिया से 523, छतरपुर से 454, निवाड़ी से 413 और श्योपुर से 135 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

जिला अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) अग्निवीर (तकनीकी) अग्निवीर (क्लर्क) अग्निवीर ट्रेडमैन (8वीं) अग्निवीर ट्रेडमैन (10वीं) कुल
भिंड 1694 135 89 60 630 2608
छतरपुर 334 8 11 22 79 454
दतिया 382 14 6 15 106 523
ग्वालियर 921 97 65 23 310 1416
मुरैना 2888 409 224 65 1005 4591
निवाड़ी 263 4 6 24 116 413
सागर 640 17 14 26 160 857
श्योपुर 86 6 6 5 32 135
शिवपुरी 1094 48 22 63 437 1664
टीकमगढ़ 527 7 10 75 219 838
कुल 8829 745 453 378 3094 13499

विभिन्न पदों के लिए आवेदन

भर्ती प्रक्रिया में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क, अग्निवीर ट्रेडमैन (8वीं उत्तीर्ण) और अग्निवीर ट्रेडमैन (10वीं उत्तीर्ण) पद शामिल हैं।

अब तक प्राप्त कुल आवेदनों में 8,829 अभ्यर्थियों ने अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए आवेदन किया है। इसके अलावा 745 उम्मीदवारों ने अग्निवीर तकनीकी, 453 ने अग्निवीर क्लर्क, 378 ने अग्निवीर ट्रेडमैन (8वीं) और 3,094 अभ्यर्थियों ने अग्निवीर ट्रेडमैन (10वीं) पद के लिए आवेदन किया है। कुल मिलाकर 13,499 आवेदन दर्ज किए गए हैं।

जून में लिखित परीक्षा, अगस्त में शारीरिक परीक्षण

भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों की बात करें तो ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि एक अप्रैल निर्धारित की गई है। इसके बाद जून महीने में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।

ग्वालियर में परीक्षा केंद्रों की संख्या अभ्यर्थियों की संख्या के आधार पर तय की जाएगी। लिखित परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद सेना द्वारा शारीरिक परीक्षा की तैयारी की जाएगी। यह परीक्षा अगस्त में आयोजित होने की संभावना है।

सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार इस बार उम्मीदवारों की बड़ी संख्या को देखते हुए भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन जारी हैं। अभी एक अप्रैल तक आवेदन जारी रहेंगे। इस बार अधिक संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे, क्योंकि अधिकतम आयु सीमा बढ़ा दी गई है।

-कर्नल पंकज कुमार, निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *