मध्यप्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आमतौर पर 15 मार्च के बाद तेज गर्मी का असर देखने को मिलता है, लेकिन इस बार महीने के पहले ही पखवाड़े में तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे दिन के समय तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। शुक्रवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा धार, दमोह, सागर, शाजापुर, गुना, छतरपुर, रतलाम और टीकमगढ़ में भी तापमान 36 डिग्री या उससे अधिक दर्ज हुआ। वहीं रात का तापमान भी 18 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।

Trending Videos

साफ आसमान से तेज हुई गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पूर्वी हिस्से में एक टर्फ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, लेकिन इसका प्रभाव प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में नहीं पड़ रहा है। आसमान साफ रहने से सूरज की किरणें सीधे जमीन पर पड़ रही हैं, जिससे दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।

दोपहर में सतर्क रहने की सलाह

प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम केंद्र भोपाल ने लोगों के लिए सावधानी संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप सबसे तेज रहती है, इसलिए इस दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। लोगों को पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने, हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनने तथा धूप में निकलते समय सिर और मुंह ढंकने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें-स्टाइपेंड बढ़ोतरी अटकी, रेजिडेंट डॉक्टरों का विरोध तेज, बांधी काली पट्टी, जाएंगे हड़ताल पर

जल्द 40 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में मार्च के पहले ही पखवाड़े में कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना है।

यह भी पढ़ें-भोपाल के ईशान भटनागर ने छुआ आसमान, AIR के टॉप-5 में बनाई अपनी जगह

अप्रैल-मई में चलेगी लू

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार अप्रैल और मई में गर्मी ज्यादा तीखी रहने की संभावना है। इन महीनों में प्रदेश के कई इलाकों में करीब 15 से 20 दिनों तक लू चल सकती है। हालांकि मार्च में फिलहाल लू चलने की आशंका नहीं जताई गई है। पिछले वर्षों के आंकड़ों के अनुसार मार्च में मध्यप्रदेश में दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहती हैं। कई बार इस महीने में बारिश भी होती है। इस बार भी ऐसा ही ट्रेंड रहने की संभावना है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि रात का तापमान 10 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed