ग्वालियर के मानपुर फेज वन स्थित पीएम आवास योजना में ब्लाक 52 की पानी की टंकी में मरी हुई छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। …और पढ़ें

Publish Date: Fri, 06 Mar 2026 12:59:33 PM (IST)Updated Date: Fri, 06 Mar 2026 01:11:16 PM (IST)

PM आवास सोसाइटी में पानी की टंकी से मिली मरी हुई छिपकली, दूषित पानी से 1300 घरों के लोगों की खतरे में जान
मानपुर फेज वन में लापरवाही उजागर, ब्लाक 52 की टंकी में मिली मरी छिपकली (AI Generated Image)

HighLights

  1. मानपुर फेज वन में 1300 आवास, करीब छह हजार निवासी
  2. दो साल से टंकी सफाई नहीं, ठेकेदार पर लापरवाही आरोप
  3. भागीरथपुरा घटना के बाद भी निगम ने नहीं लिया सबक

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत के मामले के बाद अब ग्वालियर के मानपुर फेज वन स्थित पीएम आवास योजना में भी गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां ब्लाक 52 की पानी की टंकी में मरी हुई छिपकली मिलने से रहवासियों में हड़कंप मच गया। इससे फ्लैटों में दूषित पानी की आपूर्ति होने की आशंका जताई जा रही है।

पानी खत्म होने पर सामने आया मामला

यह मामला गुरुवार को तब सामने आया जब ब्लाक 52 की मल्टी स्टोरी इमारत पर बनी पानी की टंकी का पानी खत्म हो गया। फ्लैटों में पानी की आपूर्ति बंद होने पर कुछ रहवासी टंकी की स्थिति देखने पहुंचे। जब उन्होंने टंकी के अंदर झांककर देखा तो उसमें पानी नहीं था, लेकिन एक मरी हुई छिपकली पड़ी हुई दिखाई दी। यह देखकर लोगों में नाराजगी फैल गई और पूरे ब्लाक में हंगामे जैसी स्थिति बन गई।

रहवासियों ने निगम अधिकारियों से की शिकायत

घटना सामने आने के बाद रहवासियों ने नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की। लोगों का कहना है कि पहले भी पीएम आवास योजना में सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर कोई गंभीर ध्यान नहीं दिया। जबकि यहां रहने वाले लोगों से नगर निगम पहले ही दो साल का मेंटेनेंस शुल्क एडवांस में जमा करवा चुका है।

दो साल से नहीं हुई टंकियों की सफाई

नगर निगम ने पीएम आवासों में सफाई, सुरक्षा और रखरखाव का जिम्मा एक ठेकेदार को दे रखा है। रहवासियों का आरोप है कि ठेकेदार ने पिछले दो साल से पानी की टंकियों की सफाई नहीं कराई है। इसके अलावा अन्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की भी अनदेखी की जा रही है।

छह हजार लोग रह रहे हैं आवास योजना में

मानपुर फेज वन में कुल 1300 आवास बनाए गए हैं, जिनमें करीब छह हजार लोग रह रहे हैं। इतने बड़े आवासीय परिसर में पानी की टंकियों की नियमित सफाई नहीं होना लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है।

भागीरथपुरा घटना के बाद भी नहीं हुआ सुधार

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के बाद नगर निगम ने शहर की कई पानी की टंकियों की सफाई कराई थी। हालांकि, आरोप है कि पीएम आवास योजना की बहुमंजिला इमारतों की टंकियों की सफाई इस अभियान में शामिल नहीं की गई, जिसके कारण अब यह लापरवाही सामने आई है।

मानपुर स्थित पीएम आवास की पानी की टंकी का ढक्कन बंद होने के बावजूद छिपकली कैसे घुसी, इसकी जांच कराई जा रही है। हालांकि, वहां मेंटेनेंस का ठेका खत्म हो चुका है। वहां रहवासी संघ बनाने की प्रक्रिया की जा रही है। जानकारी मिली है कि रहवासी संघ में पद पाने के कारण ही वहां इस तरह के विवादित कार्य किए जा रहे हैं।

-मनीष यादव, प्रोजेक्ट इंजीनियर, नगर निगम।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *