मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शुजालपुर नगरपालिका परिषद का शताब्दी वर्ष यहां के हर नागरिक के सम्मान और गौरव का उत्सव है। यह शहर की विरासत, उपलब्धियों और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने शुजालपुर नगरपालिका के नए भवन के निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये और सड़कों सहित अन्य विकास कार्यों के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने शुजालपुर नगरपालिका परिषद के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित शताब्दी समारोह को भोपाल से वर्चुअल संबोधित करते हुए यह घोषणा की। कार्यक्रम शुजालपुर में आयोजित हुआ, जिसमें उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और नगरपालिका अध्यक्ष बबीता परमार सहित कई जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- Bhopal news: एम्स में महिला डॉक्टर की मौत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सख्त, 15 दिन में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुजालपुर नगरपालिका ने जनसेवा और लोककल्याण के 100 वर्ष पूरे किए हैं। शहर में स्वच्छता और विकास के कार्यों में लगातार प्रगति हो रही है और आने वाले समय में इसे राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर स्थान दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में शुजालपुर में कई विकास कार्यों के लिए बड़ी राशि स्वीकृत की गई है। इसमें ऑडिटोरियम और सीसी रोड के लिए 5 करोड़ रुपये, कायाकल्प योजना के तहत सड़क निर्माण के लिए 6 करोड़ 60 लाख रुपये और अमृत-2 योजना के तहत जल प्रदाय व्यवस्था के लिए 12 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: मार्च की शुरुआत में ही तपने लगा मध्यप्रदेश, होली पर 37 डिग्री के पार पहुंचा प्रदेश का पारा
शुजालपुर वीरों की भूमि
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुजालपुर वीरों की भूमि रही है और इसका ऐतिहासिक महत्व भी रहा है। उन्होंने कहा कि यहां विकास कार्यों के माध्यम से सड़क, बिजली, पानी और अन्य सुविधाएं बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही शहर की पेयजल समस्या को हल करने और जमघड़ नदी की सफाई के लिए करीब 21 करोड़ 55 लाख रुपये की योजना पर काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने भी क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री से शुजालपुर में नए और बड़े बस स्टैंड के लिए भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया। समारोह में पूर्व मंत्री विजेंद्र सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- MP News: वन विभाग से मंजूरी में देरी बनी रोड में रोड़ा, 48 सड़क परियोजनाएं 117 से 1838 दिन तक लटकी रहीं
