अक्सर भीड़भाड़ या सफर के दौरान मोबाइल चोरी हो जाते हैं या गुम हो जाते हैं। लोग पुलिस थाने में शिकायत तो दर्ज करा देते हैं, लेकिन मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद बेहद कम होती है। इसी बीच ग्वालियर पुलिस की साइबर सेल ने एक सराहनीय पहल करते हुए पिछले दो महीनों में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की लगातार पड़ताल की। तीन महीने तक चली तकनीकी जांच और ट्रैकिंग के बाद पुलिस ने देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 551 मोबाइल फोन बरामद किए।

इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 33 लाख रुपए बताई जा रही है। बरामद मोबाइल मध्यप्रदेश के ग्वालियर, गुना, भिंड, मुरैना, शिवपुरी, दतिया और भोपाल सहित उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों से ट्रेस किए गए।

पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) धर्मवीर सिंह ने मोबाइल उनके मूल मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलते ही लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सभी मोबाइल हाल के दो महीनों में चोरी या गुम हुए थे, जिन्हें साइबर सेल की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सतत प्रयासों से खोज निकाला।

पढ़ें: गोवंश प्रतिषेध प्रकरण में अपीलीय आदेश खारिज, याचिकाकर्ता को राहत; हाईकोर्ट ने दिया महत्वपूर्ण निर्णय

इस दौरान भावुक कर देने वाला दृश्य भी देखने को मिला। विनोद पाल और रवीश पाल यादव नामक दो नेत्रहीन व्यक्तियों के मोबाइल भी चोरी हो गए थे। दोनों प्रतिदिन एसपी कार्यालय के चक्कर लगाकर अपने मोबाइल के बारे में जानकारी लेते थे। आज जब उन्हें उनका मोबाइल वापस मिला तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मोबाइल प्राप्त करने पहुंचे कई लोगों ने कहा कि ग्वालियर पुलिस ने होली के त्योहार पर उन्हें ऐसा उपहार दिया है, जिसकी उन्हें कोई उम्मीद नहीं थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed