विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन किसानों को कैबिनेट में मिली सौगात और कांग्रेस की भोपाल में महाचौपाल को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बीच हल्की नोकझोंक हुई। सिंघार ने तंज कसा कि कांग्रेस की किसान महाचौपाल के दबाव में घोषणा की गई है, इस पर सीएम ने पलटवार कर कहा कि राहुल गांधी पहले तिलहन-दलहन फसलों को तो जान लें। 

दरअसल, सदन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट के अहम फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष 2026 को प्रदेश में ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उड़द और सरसों की फसलों को लेकर की गई घोषणाओं को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उड़द पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देगी, जबकि सरसों की फसल को भावांतर योजना में शामिल किया गया है, ताकि किसानों को बेहतर मूल्य मिल सके। इसके साथ ही किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत अगले पांच वर्षों के लिए कुल 10,520 करोड़ रुपये की पांच कृषि योजनाओं को निरंतर जारी रखने की स्वीकृति दी गई है।   

ये भी पढ़ें-  भोपाल में ‘द केरल स्टोरी’ जैसा खौफनाक जाल: बेबीसिटर की नौकरी का झांसा देकर धर्मांतरण-देह व्यापार में धकेला

राहुल के दौरे के दबाव में सौगातें

इस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने तंज कसते हुए कहा कि यह सौगातें राहुल गांधी के दौरे के दबाव में दी जा रही हैं? उन्होंने कहा कि यदि सरकार को यह निर्णय लेना था तो पहले भी लिया जा सकता था। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी से पूछा जाना चाहिए कि तिलहन और दलहन में कौन-कौन सी फसलें आती हैं।

ये भी पढ़ें- MP: ‘युद्ध का निर्णय सेना नहीं लेती, वह फैसला राजनीतिक होता है’; नरवणे की किताब के सहारे राहुल का PM पर निशाना

सीएम डॉ. यादव बोले- भगौरिया को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनायेंगे 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सदन को संबोधित करते हुए हर्षपूर्वक अवगत कराया कि मालवांचल के जनजातीय बहुल क्षेत्रों में फाग पर्व के रूप में मशहूर भगौरिया लोकोत्सव को सरकार ने राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय बहुल बड़वानी, धार और झाबुआ दो सेक्टर्स में सरकार कृषि कैबिनेट आयोजित करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि हम भगौरिया पर्व में भी शामिल होंगे और यहीं पर कृषि कैबिनेट भी करेंगे, जिससे सामाजिक उत्सवों के प्रोत्साहन के साथ इस अंचल और यहां के निवासियों के विकास में मध्यप्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता भी दिखाई दे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश सरकार की ओर से तथा विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने पूरे सदन की तरफ से प्रदेश के सभी जनजातीय बन्धुओं को 24 फरवरी से प्रारंभ हो रहे भगौरिया लोकपर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *