छत्तीसगढ़ की एक ब्यूटीशियन युवती को नशा देकर दरिंदगी करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला भोपाल में आया है। युवती मूलतः छत्तीसगढ़ की रहने वाली है और आरोपियों के झांसे में आकर भोपाल में रहने आई थी। बागसेवनिया पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वातंत्र्य अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में कई कड़ियां अभी पूरी तरह से अनभिज्ञ हैं। अमरीन नाम की महिला जिस पर धर्म परिवर्तन और लोगों से मेलजोल बढ़ाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा है, आशंका है कि वह कहीं देह व्यापार का गिरोह तो नहीं चलाती। पुलिस सभी बिंदुओं पर आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आइए समझते हैं कि इस दरिंदगी और लव-जिहाद के मामले में किस आरोपी की क्या भूमिका है।
आफरीन
31 वर्षीय ब्यूटीशिन की 31 दिसंबर 2024 को शाहपुरा स्थित एक होटल में दोस्त की बर्थडे पार्टी में उसकी मुलाकात एक युवती से हुई। बाद में दोनों युवतियां एक साथ रहने लगीं। जनवरी 2025 में दोनों युवतियां अमरीन उर्फ माहिरा के साथ एक साथ रहने लगीं। बाद में पीड़िता को पता चला कि उसकी सहेली आफरीन, अमरीन उर्फ माहिरा के भाई के साथ धर्म परिवर्तन कर शादी कर चुकी है। यानी आफरीन पहले हिंदू युवती थी। अमरीन के कहने पर ही उसने धर्म परिवर्तन किया और उसके भाई से शादी की। बाद में आफरीन भी अमरीन के साथ मिलकर ब्यूटीशियन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगी थी।
अमरीन उर्फ माहिरा
दुष्कर्म, लव-जिहाद और कथित देह व्यापार के इस गिरोह की सरगना अमरीन उर्फ माहिरा है। अमरीन का परिवार गांधी नगर क्षेत्र में रहता है। पहले वह एक स्पा में कार्य करती थी। यहीं पर उसकी मुलाकात उक्त युवती से हुई थी, जो बाद में धर्म परिवर्तन कर आफरीन बन चुकी है। चंदन नाम का युवक अमरीन से मिलने स्पा आता था। बाद में अमरीन और चंदन लिवइन में रहने लगे। चंदन ने छत्तीसगढ़ की ब्यूटीशियन के साथ अगस्त 2025 में बहन से मिलाने के बहाने एक घर में ले जाकर दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने जब यह बात अमरीन को बताई तो उसने चुप करा दिया था।
ये भी पढ़ें- एमपी का बड़ा डिजिटल अरेस्ट: 90 साल के एयरफोर्स से रिटायर्ड विंग कमांडर से ठगे 2 करोड़ 52 लाख, ऐसे फंसाया
अमरीन ने भाई और दोस्त से कराया रेप
ब्यूटीशियन ने पुलिस को बताया कि अमरीन नवंबर 2025 में उसे लेकर गांधी नगर स्थित अपने परिजनों के पास गई थी। यहां नशीला पेय पदार्थ पिलाकर अमरीन के भाई बिलाल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दिसंबर 2025 में अमरीन पीड़िता को निजी काम का हवाला देकर अहमदाबाद ले गई। वहां यासिर नामक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता जनवरी 2026 में भोपाल छोड़कर रायपुर में अपने मामा के यहां रहने चली गई।
चंदन- धर्म बदल लिया लेकिन नाम नहीं बदला
चंदन यादव अमरीन का लिवइन पार्टनर है। ब्यूटीशियन ने पुलिस को बताया है कि अमरीन के कहने पर चंदन भी धर्म बदल चुका है, लेकिन नाम नहीं बदला। चंदन अलग-अलग स्थानों पर आए दिन दुष्कर्म करता था। अमरीन उसका खुला समर्थन करती थी। अमरीन के कहने पर चंदन ही उसे कम कपड़ों में पब लेकर जाता था और दूसरे मर्दों से दोस्ती कर संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था।
नौकरानी ने लगाया देह व्यापार में धकेलने का आरोप
अमरीन पर उसके घर में काम करने वाली 35 वर्षीय एक महिला ने देह व्यापार में धकेलने के आरोप लगाए हैं। उक्त महिला का जब ब्यूटीशियन से संपर्क हुआ तो उसने बताया कि उसके साथ भी चंदन ने अमरीन के कमरे में दुष्कर्म किया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह शादी-पार्टियों में वेटर का कार्य करती थी। पिछले वर्ष दीपावली के दिन अमरीन से उसकी मुलाकात हुई। इसके बाद वह अमरीन के आशिमा मॉल के पास स्थित घर में काम करने लगी। दो महीने तक पीड़िता उसके साथ काम किया। उसके बाद अमरीन ने उसे अपने साथ रख लिया। इसके बाद उसके साथ चंदन ने दुष्कर्म किया। फिर उसके साथ यासिर और चानू नाम के व्यक्ति अमरीन से मिलने आते और उसके साथ दुष्कर्म करते। बाद में उसके साथ एक-दो और युवकों के साथ बनाए। पीड़िता को लगा कि उसे देह व्यापार में धकेल दिया गया तो काम छोड़कर चली गई।
