सतना जिले के रामपथ गमन (मैहर-सतना रोड) पर कुंदहरी के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात लूट और फायरिंग की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाश ने सुनियोजित तरीके से सड़क पर कील बिछाकर ट्रक को पंचर कराया, चालक से मारपीट कर नकदी लूटी और विरोध करने पर कट्टे से गोली मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मऊगंज जिले के तरहड़ गांव निवासी 26 वर्षीय मो. तस्लीम ट्रक (सीजी-07 सीजी 7990) में खाली कैरेट लोड कर चित्रकूट से बुरहानपुर की ओर जा रहे थे। रात करीब 1:30 बजे जब वह रामपथ गमन मार्ग स्थित कुंदहरी के पास पहुंचे, तभी ट्रक के अगले बाएं पहिए में लोहे की कील घुसने से वाहन अचानक पंचर हो गया।

चालक तस्लीम ने ट्रक सड़क किनारे रोककर पहिए में फंसी कील निकालनी शुरू की। इसी दौरान पीछे से एक अज्ञात बदमाश आया और रुपए की मांग करने लगा। अचानक उसने तस्लीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी और जेब में रखे करीब तीन हजार रुपए छीन लिए।

विरोध करने पर की फायरिंग

लूट का विरोध करते हुए तस्लीम ट्रक की केबिन से लोहे की रॉड निकालकर बदमाश की ओर बढ़े। इसी दौरान आरोपी ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली तस्लीम के बाएं हाथ में कंधे के नीचे लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल अवस्था में तस्लीम ने राह से गुजर रहे बारातियों की पिकअप रुकवाई और किसी तरह सतना पहुंचे। वहां से परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उन्हें रीवा रेफर कर दिया।

ऑपरेशन के बाद भी हालत गंभीर

परिजनों के मुताबिक, रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल में ऑपरेशन कर हाथ में फंसी गोली निकाल ली गई है, लेकिन उनकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।

ये भी पढ़ें- डिजिटल अरेस्ट गैंग का भंडाफोड़: शिवपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 आरोपी गिरफ्तार, 1.07 करोड़ का माल जब्त

साजिश की आशंका, पुलिस कर रही जांच

घायल चालक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि लूट की नीयत से पहले से ही सड़क पर कील बिछाई गई थी, ताकि वाहन रुकें और बदमाश वारदात को अंजाम दे सकें। यह तरीका किसी गिरोह की संलिप्तता की ओर भी इशारा कर रहा है उचेहरा पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के ढाबों, पेट्रोल पंपों और मार्ग से गुजरने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी की तलाश में जुटी है। घटना के बाद ट्रक चालकों में भय का माहौल है और रात के समय इस मार्ग पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठने लगी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed