भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने घोषणा की है कि वह शनिवार को प्रदेश भर में कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेगा। यह प्रदर्शन दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उनके अनुसार इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 100 से अधिक देशों, वैश्विक कंपनियों के सीईओ और 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों की भागीदारी भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर सम्मान प्राप्त कर रहा है, लेकिन कांग्रेस और उसके समर्थक ऐसे आयोजनों के दौरान देश की छवि धूमिल करने का प्रयास करते हैं। खंडेलवाल ने कांग्रेस से इस प्रदर्शन के लिए देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।

ये भी पढ़ें- Bhopal News: भोपाल का 26 टन गोमांस मामला पीएम तक पहुंचा, हिंदू संगठन ने खून से लिखा पत्र, CBI जांच की मांग

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी क्षमता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में नेतृत्व की सराहना कर रहा था, तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर देश की छवि खराब करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इस कृत्य से राष्ट्र की गरिमा को ठेस पहुंची है। भाजयुमो के अनुसार भोपाल संभाग के अंतर्गत दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, शिवाजी चौराहा के पास भोपाल ग्रामीण, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, रायसेन और नर्मदापुरम के कार्यकर्ता एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा ग्वालियर, मुरैना, सागर, इंदौर, खंडवा, उज्जैन, मंदसौर, रीवा, शहडोल, जबलपुर और छिंदवाड़ा सहित अन्य जिलों में भी कांग्रेस कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। भाजयुमो ने कहा है कि यह विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण लेकिन आक्रामक तरीके से किया जाएगा और कांग्रेस तथा राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की जाएगी। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

ये भी पढ़ें- 72 घंटे में 54 एफआईआर: तीन करोड़ से अधिक की ठगी, डिजिटल अरेस्ट से लेकर 10-12 रुपए की लिंक तक से खाली हुए खाते

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *