मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण के साथ हुई। इस बीच विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। इस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अभिभाषण में प्रधानमंत्री एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया गया, किन्तु प्रदेश की पीड़ित जनता की वास्तविक समस्याओं और पीड़ा को समुचित स्थान नहीं मिला। नेता प्रतिपक्ष ने इंदौर के भागीरथपुरा में हुई दर्दनाक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण 35 निर्दोष लोगों की जान चली गई। सिंघार ने सवाल उठाया कि क्या उन परिवारों का दर्द, उनके आंसू और उनके सवाल इस सदन के लिए महत्वपूर्ण नहीं हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल इस मुद्दे को सदन में गंभीरता से उठाएगा और जिम्मेदारी तय करने की मांग करेगा। सिंघार ने कहा कि बजट केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं होना चाहिए, बल्कि जमीनी हकीकत को सामने लाने का माध्यम होना चाहिए। उन्होंने प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग भी की, ताकि जनता को वास्तविक आर्थिक स्थिति की पारदर्शी जानकारी मिल सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस विधायकदल बजट में की गई घोषणाओं और उनकी जमीनी स्थिति के बीच के अंतर को आने वाले दिनों में सदन में उजागर करेगी। वहीं, कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा कि श्वेत पत्र पारदर्शिता के लिए बहुत आवश्यक है। सरकार कर्ज लेकर कहां खर्च कर रही है।
ये भी पढ़ें- MP Budget Session: राज्यपाल मंगूभाई पटेल- 2047 तक मध्य प्रदेश को दो ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

2 of 4
सीएम डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर
– फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस लोकतंत्र की परंपराओं का उपहास कर रही : भाजपा
इस पर मीडिया से बातचीत में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण मध्य प्रदेश की जनता के विकास और लोक कल्याणकारी योजनाओं को एक तरह से मसौदा होता है। उन्होंने कहा कि अभिभाषण का विरोध करना उन्हें बोलने से रोकना लोकतंत्र की परंपराओं का उपहास उड़ाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं से प्रार्थना करूंगा कि कम से कम प्रदेश की जनता के हित में जो मसौदा तैयार हुआ है, उसको सुना और उसकी कमियां बताओ। इस तरह के रवैए से कांग्रेस पूरे देश से छू हो जाएगी।
ये भी पढ़ें- MP News: विपक्ष पर बरसे मुख्यमंत्री डॉ. यादव बाेले- अभिभाषण का विरोध लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ

3 of 4
राज्यपाल मंगू भाई पटेल का स्वागत करते विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर
– फोटो : अमर उजाला
जनता के हित में काम करेंगे : कंसाना
कांग्रेस के श्वेत पत्र की मांग को लेकर कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने कहा कि कांग्रेस जो कहेगी क्या वही करेंगे। मध्य प्रदेश की मोहन सरकार जनता के हित में जो ठीक होगा, वह काम करेगी।
ये भी पढ़ें- MP News: सीएम डॉ. यादव बोले- सायबर पंजीयन कार्यालय से पेपरलेस और कैशलेस प्रक्रिया को बढ़ावा

4 of 4
एमपी विधानसभा में सीएम डॉ. यादव, अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर समेत अन्य मंत्रीगण
– फोटो : अमर उजाला
छह मार्च तक चलेगा सत्र, कल बजट पेश होगा
प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 6 मार्च तक चलेगा। सत्र में कुल 12 बैठकें होगी। वहीं, 18 फरवरी को उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा प्रदेश सरकार का बजट सदन में पेश करेगा। यह बजट करीब 4.85 लाख करोड़ रुपये के होने की संभावना है। इस बार विपक्ष सरकार को भागीरथपुरा में प्रदूषित पानी से हुई मौत, छिंदवाड़ा जहरीले कफ सिरप पीने से हुई मौत, कर्ज, प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर घेरेगा। विधानसभा में विधायकों ने 3478 प्रश्न लगाए हैं। इसमें 1750 तारांकित और 1728 अतारांकित प्रश्न पूछ है। विधायकों ने 236 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी विधानसभा में पेश किए है। इस बार दश स्थगन प्रस्ताव, 41 अशासकीय संकल्प और शून्यकाल की 83 सूचनाएं विधानसभा में आई है।
