जावरा बायपास मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। गेहूं से भरे एक अनियंत्रित ट्राले ने बाइक सवार बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने स्टेट हाईवे नंबर 17 पर चक्काजाम कर दिया, जिसे पुलिस और प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया।
जानकारी के अनुसार, गोल्डन केमिकल के पीछे झोपड़ी में रहने वाले गोपी बारोट सुबह अपनी टीवीएस एक्सएल से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान उज्जैन-जावरा बायपास पर आ रहे ट्राला क्रमांक आरजे-22-जीए-2516 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोपी बारोट की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बाइक ट्राले के पहियों के बीच फंस गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही तहसीलदार मधु नायक, पटवारी यशप्रताप सिंह भदौरिया, अमित पालीवाल तथा बिरलाग्राम और मंडी थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। इसके बाद स्थिति शांत हुई और यातायात बहाल कराया गया।
परिजनों को सौंपा गया शव
कुछ समय बाद चेतनपुरा निवासी जगदीश बारोट मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान अपने काका गोपी बारोट के रूप में की। पुलिस ने नगर पालिका के शव वाहन से शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्राम डाबरी निवासी अंतरसिंह के अनुसार, ट्राला नागदा स्थित आईटीसी चौपाल सागर से गेहूं भरकर महिदपुर रोड की ओर जा रहा था और उसकी रफ्तार काफी तेज थी। पुलिस ने ट्राले को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है तथा चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
