मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 स्थित TATA सर्विस सेंटर के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार एक बच्ची सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। मृतक महिलाएं सास, बहू हिंगोना खुर्द गांव की बताई गई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित परिजनों ने नेशनल हाईवे-44 पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। लंबी दूरी के वाहन भी जाम में फंस गए और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें- Rudraksha Mahotsav: इस बार हाईवे पर रहेगा विशेष डायवर्जन, छह जिलों के पुलिस बल सहित 2000 गार्ड्स रहेंगे तैनात
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस बल के साथ नगर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया और आक्रोशित परिजनों को समझाइश देने में जुट गए। काफी देर तक चली समझाइश के बाद स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग की अपील की है।