नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। झांसी रोड पर जानवरों की हड्डियों से भरे ट्रक पकड़े जाने के बाद पुलिस ने चार आरोपितों पर एफआइआर दर्ज की थी। इन चारों से पूछताछ में उपनगर ग्वालियर के सेवानगर निवासी वसीम खान का नाम सामने आया था।

चारों आरोपितों ने कहा था- वसीम ही मृत जानवरों की हड्डियों की खरीद-फरोख्त करता है। इस पर पुलिस ने उसे भी आरोपित बना दिया है। वसीम को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने पूछताछ की। उसके पास दुकान का लाइसेंस मिला, जिस पर वह हड्डियों की खरीद-फरोख्त और इनका अवैध रूप से परिवहन कर रहा था।

वसीम ने सेवानगर में गोदाम बना रखा था, जहां झांसी रोड और ग्वालियर थाने की पुलिस पड़ताल के लिए पहुंची। यहां जानवरों की हड्डियां रखी जाती थीं। पुलिस अभी और पड़ताल कर रही है। यहां बता दें कि सोमवार की रात करीब 12 बजे जानवरों की हड्डियों से भरा ट्रक गोसेवकों ने पकड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी थी।

झांसी रोड थाना पुलिस ने इस मामले में चार आरोपित आसिफ खान, शाहरुख खान, अनवर कुरैशी, अरमान कुरैशी को पकड़ा था। इन पर एफआइआर दर्ज की। जब इन चारों से पूछताछ हुई तो बोले- वसीम से हड्डियां लेकर झांसी जा रहे थे।

किराये पर ट्रक लिया था, जिससे हड्डियों का परिवहन कर रहे थे। झांसी रोड पुलिस ने वसीम खान को भी पकड़ लिया और उसे भी नामजद कर दिया। वसीम को लेकर पुलिस उसके गोदाम पर भी पहुंची। यहां आसपास लोगों से पूछताछ की तो बोले- जानवरों की हड्डियों की खरीद-फरोख्त वह करता है।

शिवपुरी की ग्राम पंचायतों के दस्तावेज, यहां से मृत जानवर उठाने का उल्लेख

पुलिस ने जब वसीम से पूछताछ की तो उसने बताया कि शिवपुरी की ग्राम पंचायतों से मृत जानवरों को उठाने का ठेका जिन लोगों के पास है। वह उसे हड्डियां बेचते हैं। 22 रुपये प्रति किलो में वह हड्डियां खरीदता है और 24 रुपये प्रति किलो में बेचता है।

वसीम के चाचा का ठेका चिड़ियाघर में

एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि वसीम के चाचा भूरा खान का ठेका चिड़ियाघर में बिना हड्डी के मांस सप्लाई का है। उससे भी हड्डियां वसीम खरीदता है। वह मांस कहां से लाता है, कहां मांस से हड्डियां अलग की जाती हैं, इस बारे में पड़ताल की जा रही है।

गाय की हड्डियां हैं या नहीं, फोरेंसिक जांच से होगी स्पष्ट

इसमें गाय की हड्डियां होने की आशंका गोसेवकों द्वारा जताई गई थी। गाय की हड्डियां है या नहीं यह फोरेंसिक और डीएनए जांच से स्पष्ट होगा।

झांसी रोड क्षेत्र में सोमवार की रात पकड़ा गया हड्डियों से भरा ट्रक

सनातन सेना ने सीएम को लिखा-एसआइटी हो गठित इस मामले में सनातन सेना की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा गया है जिसमें एसआइटी के गठन की मांग की है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवती प्रसाद शुक्ल ने बताया कि गो तस्करी के संबंध में वसीम खान द्वारा संगठित रूप से अवैध गतिविधियां संचालित किए जाने की जानकारी है। संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा मामला पकड़वाया गया और एफआइआर दर्ज कराई।

यह मामला अत्यंत संवेदनशील एवं संगठित गिरोह से जुड़ा प्रतीत होता है। ऐसी परिस्थितियों में केवल स्थानीय स्तर की जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया जाना आवश्यक है, जिससे इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *