भोपाल के  खजूरी सड़क इलाके में तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार सब-इंस्पेक्टर को चपेट में ले लिया। हादसे में एसआई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

खजूरी सड़क पुलिस ने बताया कि 61 वर्षीय शंकरलाल पुत्र छोटेलाल अशोका गार्डन क्षेत्र के दशमेश नगर में रहते थे। वे पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में सीहोर पुलिस लाइन में पदस्थ थे। शुक्रवार रात वे अपनी बाइक से सीहोर ड्यूटी पर जा रहे थे। फंदा टोल के पास वे तूमड़ा जोड़ से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई यात्री बस ने उन्हें टक्कर मार दी।

ये भी पढ़ें- MP: सीधी में मिला रहस्यमयी जीवाश्म, 12 मीटर लंबी हड्डियां व बड़े-बड़े दांतों की क्या है कहानी? कहां हैं अधिकारी

हादसे में उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस उन्हें तत्काल चिरायु अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल यात्री बस चौहान बस सर्विस की है।

रिटायरमेंट में बचे थे पांच माह

शंकरलाल का पांच महीने बाद रिटायरमेंट होना था। इसी वर्ष जुलाई में वे सेवानिवृत्त होने वाले थे। सेवानिवृत्ति के बाद परिजन उन्हें व्यवसाय करने की सलाह दिया करते थे। मृतक के एक बेटा और एक बेटी हैं, दोनों शादीशुदा हैं। इधर, रातीबड़ इलाके में सड़क हादसे में घायल एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि 40 वर्षीय मेहरबान सिंह पुत्र मूलचंद मालवीय आमला गांव का निवासी था। गत 28 जनवरी को वह सड़क हादसे में घायल हो गया था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *