सूखी सेवनिया इलाके में कार सवार व्यवसायी से दो लाख रुपए लूटने के मामले में पुलिस को अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा है। घटना एक दिन पुरानी है।
पुलिस ने बताया कि 38 वर्षीय मोहम्मद आबिद खान आदर्श नगर सूखी सेवनिया में रहते हैं और काजीकैंप में इलेक्ट्रिक की दुकान चलाते हैं। रविवार-सोमवार की देर रात वह दुकान बंद कर अपने साथी शाहिब शेख के साथ कार से घर जाने के लिए निकले थे। रात करीब तीन बजे वह नवीबाग के पास से निकले तो लगा कि कोई कार उनका पीछा कर रही है। लांबाखेड़ा तिराहे से अपने घर जाने के लिए वह जगदीशपुर रोड पर चलने लगे। वह अपनी कॉलोनी के पास कार मोड़ रहे थे, तभी पीछे से आ रही कार ने अचानक उनका रास्ता रोक लिया। वह कार से उतरकर रास्ता रोकने वाली कार के पास पहुंचे तो उसमें तीन लोग बैठे दिखे। एक युवक कार से नीचे उतरा और उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। तब तक आबिद का साथी शाहिब भी उतरकर उनके पास पहुंचा तो दूसरे युवक ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया। उसके बाद तीनों बदमाशों ने जब में रखे करीब दो लाख रुपये जबरन निकाल लिए।
ये भी पढ़ें- ट्रेन में हुई छेड़छाड़ से नागदा में मचा बवाल, सात आरोपी गिरफ्तार, भारी फोर्स तैनात, जानें मामला
जान बचाकर भागे तो फोड़ डाली कार
फरियादी ने पुलिस को बताया कि लूटपाट का विरोध करने पर तीनों बदमाशों ने आबिद और शाहिब के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। दोनों ने जान बचाने के लिए दौड़ लगाई तो तीनों बदमाश अपनी कार में बैठकर भाग निकले। उनके जाने के बाद आबिद अपनी मारुति स्विफ्ट कार के पास पहुंचे तो देखा कि बदमाशों ने चारों गेट और अगला शीशा फोड़ डाला था। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया था। फरियादी ने तीनों बदमाशों का हुलिया पुलिस को बताया है, लेकिन वह उनकी कार का नंबर नहीं देख पाए थे। सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार का पता लगाया जा रहा है।
