भागीरथपुरा दूषित पेयजल कांड को लेकर सांसद शंकर लालवानी पर अभद्र टिप्पणी करने वाले उत्तर प्रदेश के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर जतिन मिश्रा के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई सांसद प्रतिनिधि विशाल गिदवानी की लिखित शिकायत के आधार पर की गई है।
जतिन मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने भागीरथपुरा में हुई मौतों को लेकर बातें करते हुए यह दावा किया कि सांसद शंकर लालवानी ने उन्हें इंदौर बुलाया और रुकने के लिए कहा। इसी वीडियो में उन्होंने सांसद के खिलाफ अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की।
ये भी पढ़ें- इंदौर में दूषित पानी से 32 वीं मौत, दूसरी बीमारियों से भी ग्रस्त थी भागीरथपुरा निवासी महिला
सांसद प्रतिनिधि विशाल गिदवानी ने शिकायत में कहा कि जतिन मिश्रा ने अपने वीडियो में मनगढ़ंत और असत्य बातें कही हैं, जिससे सांसद लालवानी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जतिन मिश्रा कभी भी सांसद से नहीं मिले हैं और यह पूरा कंटेंट केवल सस्ता प्रचार पाने के उद्देश्य से बनाया गया है।
शिकायत के साथ सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो और स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे गए। मामले की जांच के बाद पुलिस ने जतिन मिश्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 और 352 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। गौरतलब है कि जतिन मिश्रा राजनीति से जुड़े कंटेंट नियमित रूप से बनाते हैं और उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर 15 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। अपने इस विवादित कंटेंट में उन्होंने इंदौर के साथ-साथ मंदसौर और ग्वालियर का भी उल्लेख किया है।
