वर्ल्ड इकोनामिक फोरम (WEF)-2026 के दौरान दावोस में मध्यप्रदेश को नवाचार, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि-खाद्य और टेक्नोलॉजी निवेश के एक उभरते केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों और वैश्विक कंपनियों के बीच महत्वपूर्ण बैठकें हो रही हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 जनवरी को दावोस पहुंचेंगे और राज्य के लिए निवेश, तकनीक और रोजगार से जुड़े अहम संवादों में भाग लेंगे।
ये भी पढ़ें- Bhopal News: 20 साल की सेवा के बाद भी सिर्फ 5,000 वेतन,अंशकालीन कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, DPI का किया घेराव
एआई आधारित प्रोटीन नवाचार पर शिरू कंपनी से चर्चा
दावोस में मध्यप्रदेश के प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह ने एआई आधारित प्रोटीन नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी शिरू (Shiru) की सीईओ और संस्थापक डॉ. जैस्मिन ह्यूम से मुलाकात की। इस बैठक में उन्नत प्रोटीन नवाचार, कृषि आधारित इनपुट्स और अनुप्रयुक्त अनुसंधान पर विस्तार से चर्चा हुई। शिरू कंपनी ने अपने एआई-संचालित प्रोटीन खोज और डिजाइन प्लेटफॉर्म की जानकारी दी, जिसके जरिए उद्योगों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले, सीधे उपयोग किए जा सकने वाले प्रोटीन विकसित किए जाते हैं। कंपनी ने बताया कि उसके प्रोटीन पोर्टफोलियो का लगभग 77 प्रतिशत हिस्सा प्राकृतिक स्रोतों पर आधारित है। साथ ही तकनीक लाइसेंसिंग और पूंजी-कुशल उत्पादन मॉडल की क्षमता भी कंपनी की बड़ी ताकत है। डॉ. जैस्मिन ह्यूम ने बताया कि इन प्रोटीन नवाचारों का उपयोग मुख्य रूप से खाद्य क्षेत्र में किया जा रहा है, जबकि सौंदर्य प्रसाधन और स्वास्थ्य क्षेत्रों में भी इसके बड़े अवसर हैं। कंपनी के वैश्विक नेटवर्क में यूरोपीय संघ, कनाडा, लैटिन अमेरिका, एशिया और भारत जैसे प्रमुख बाजार शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- MP News: विदेश में नौकरी के प्रशिक्षण के लिए पहली बार सोशल स्टॉक एक्सचेंज से जुटेगा फंड, नाबार्ड ने जताई रुचि
कृषि और अनुसंधान में मध्यप्रदेश को लेकर रुचि
शिरू की सीईओ ने मध्यप्रदेश की मजबूत कृषि व्यवस्था में गहरी रुचि दिखाई। चर्चा में राज्य के विश्वविद्यालयों और कृषि अनुसंधान संस्थानों के साथ सहयोग, फसल आधारित प्रोटीन इनपुट्स की पहचान, पायलट प्रोजेक्ट और भविष्य में उत्पादन केंद्र विकसित करने पर सहमति बनी। दोनों पक्षों ने आगे की कार्ययोजना पर जल्द बैठक करने का निर्णय लिया।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: मध्यप्रदेश में मौसम का बदला मिजाज, ठंड से हल्की राहत,बादलों और कोहरे के बीच मावठे की संभावना
नवीकरणीय ऊर्जा और बैटरी स्टोरेज पर अमारा राजा समूह से मंथन
WEF-2026 के दौरान नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने अमारा राजा समूह के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर जय गल्ला से मुलाकात की। बैठक में नवीकरणीय ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों पर चर्चा हुई। अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने बताया कि मुरैना (उत्तरी मध्यप्रदेश) में बैटरी स्टोरेज परियोजना संचालित की जा रही है, जिससे शाम और सुबह के पीक समय में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का लक्ष्य 24 घंटे नवीकरणीय ऊर्जा उपलब्ध कराना है और भविष्य की सभी परियोजनाएं स्टोरेज के साथ विकसित की जाएंगी। बैठक में पंप स्टोरेज नीति, जलविद्युत-सौर और तापीय-सौर जैसे हाइब्रिड मॉडलों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने आगे भी तकनीकी आंकड़ों के आदान-प्रदान और सहयोग पर सहमति जताई।
ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 26 IAS अधिकारियों के ट्रांसफर, दिलीप यादव पर्यटन निगम के एमडी बने
एचसीएल टेक ने मध्यप्रदेश को बताया उभरता टेक हब
दावोस दौरे के पहले दिन मध्यप्रदेश प्रतिनिधिमंडल ने आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एचसीएल टेक के कॉर्पोरेट वाइस प्रेसिडेंट अभय चतुर्वेदी से चर्चा की। बैठक में मध्यप्रदेश को टियर-2 टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया। एचसीएल टेक ने बताया कि कंपनी टियर-2 शहरों में विस्तार के अवसर तलाश रही है और मध्यप्रदेश को एक संभावनाशील गंतव्य के रूप में देखा जा रहा है। राज्य सरकार ने कुशल मानव संसाधन, बेहतर बिजली आपूर्ति, कनेक्टिविटी, जीसीसी पॉलिसी, सिंगल विंडो सिस्टम और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की जानकारी साझा की। एचसीएल टेक ने मध्यप्रदेश में भविष्य के टेक्नोलॉजी सेंटर्स और ऑफशोर डेवलपमेंट सेंटर्स स्थापित करने में रुचि जताई।
ये भी पढ़ें- भोपाल स्लॉटर हाउस मामला: गौमांस तस्करी पर सियासी घमासान, कांग्रेस का मौनी अमावस्या पर सामूहिक प्रार्थना
सीएम का दावोस दौरा अहम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 20 जनवरी को दावोस पहुंचने के बाद इन चर्चाओं को और गति मिलने की उम्मीद है। सीएम निवेशकों से सीधे संवाद कर मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा और टेक्नोलॉजी के प्रमुख केंद्र के रूप में प्रस्तुत करेंगे। यह दौरा राज्य के लिए रोजगार, निवेश और दीर्घकालिक विकास की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
