भांडेर विधायक फूल सिंह बरैया के महिलाओं के रेप से जुड़े बयान पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है। बरैया शनिवार को राहुल गांधी के दौरे के कारण इंदौर में थे। उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि वे अपने बयान पर कायम हैं और माफी नहीं मांगेंगे। उन्होंने बच्चियों के साथ होने वाले बलात्कार को लेकर कहा कि- मैं समझ नहीं पा रहा कि दो साल की बच्ची में बलात्कार के योग्य क्या चीज होगी।
अपने बयान को लेकर बरैया ने बिहार के प्रो. हरिमोहन झा के लेख और रुद्रयामल तंत्र पुस्तक का हवाला दिया और कहा कि उसमें भी वह बातें लिखी हैं, जो मैंने कही। बरैया ने यह भी कहा कि- दो और चार साल की लड़की के साथ बलात्कार होता है। मैं यह नहीं समझ पा रहा कि दो साल की बच्ची में बलात्कार के योग्य क्या चीज होगी। कोई सिरफिरा आदमी हो, अकेला है और उधर से कोई सुंदर लड़की आ रही है तो वह उसके साथ छेड़खानी हो सकती है। व्यक्ति बदमाश हो तो उसके साथ अन्याय कर सकता है।
बरैया ने मंत्र का हवाला देते हुए कहा कि- चांडाली तु स्वयं काशी, चर्मकारी प्रयाग: स्यात्, रजकी मथुरा मता… इसका अर्थ वही होता है जो मैंने बोला है। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी महिलाओं के साथ बलात्कार होता है तो क्या मैं चुप बैठूंगा। अपराधी कभी प्रायश्चित भी करे और उसे यह लिखा मिल गया तो वह कहेगा कि प्रायश्चित करने की जरूरत नहीं है। यह तो सही लिखा है।
उन्होंने कहा कि मेरे बयान से पार्टी को न जोड़ा जाए। मैं अपने बयान पर कायम हूं और उन महिलाओं के पक्ष में खड़ा हूं, जिनके साथ अन्याय होता है। मैं माफी नहीं मांगूंगा।
