भागीरथपुरा में अब नए मरीज सामने नहीं आ रहे हैं और जो अस्पताल में भर्ती हैं, वे भी धीरे-धीरे डिस्चार्ज हो रहे हैं। नगर निगम भी अब पेयजल सप्लाई सामान्य करने की तैयारी में जुटा है। पांच दिन बाद शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मेयर पुष्यमित्र भार्गव भागीरथपुरा बस्ती पहुंचे। उनके साथ नए निगमायुक्त क्षितिज सिंघल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

मंत्री ने बस्ती में बिछाई जा रही नई नर्मदा लाइन के कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि लाइन बिछाई जा चुकी है, लेकिन उसमें तीन नए लीकेज आ गए थे। उन्हें ठीक कर दोबारा टंकी से पानी छोड़कर सप्लाई की टेस्टिंग की जाएगी। अधिकारियों ने मंत्री को यह भी बताया कि बस्ती की गलियों में जाने वाली लाइनों को भी बदलने की आवश्यकता है। उधर सुबह मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने भी बस्ती पहुंचकर नर्मदा लाइन के कार्य के साथ संजीवनी क्लिनिक से वर्तमान हालातों की जानकारी ली।

 

मेयर को अधिकारियों ने अवगत कराया कि अब कम मरीज सामने आ रहे हैं और जिन घरों से पहले मरीज मिले थे, उन्हीं परिवारों से अन्य मरीज सामने आ रहे हैं। शनिवार को एसीएस नीरज मंडलोई भी भागीरथपुरा का दौरा करेंगे और व्यवस्थाओं को देखेंगे।

उन्होंने भागीरथपुरा के मुद्दे पर स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक की और कहा कि आपदा को अवसर में बदलकर पूरे शहर को दूषित जल से मुक्ति दिलाने के प्रयास किए जाने चाहिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन भी मौजूद थे। उन्होंने जानकारी दी कि 10 जनवरी से प्रदेश में शुद्ध जल अभियान चलाया जाएगा, जिसमें शुद्ध जलापूर्ति पर मुख्य रूप से ध्यान दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *