मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ बैठक में वन्य जीवों के आदान-प्रदान पर सहमति बनी। इसके तहत असम से अगले तीन साल में 50 जंगली भैंस, एक जोड़ा गैंडा और तीन कोबरा मध्यप्रदेश लाए जाएंगे। इन्हें भोपाल के वन विहार में रखा जाएगा। इसके बदले में मध्यप्रदेश असम को एक जोड़ा टाइगर और छह मगरमच्छ देगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जंगली भैंसों की पुनर्स्थापना से मध्यप्रदेश की जैव विविधता और समृद्ध होगी और प्रदेश के जंगलों के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिलेगी।
