राजधानी के एमपी नगर स्थित चेतक ब्रिज के पास मंगलवार को एक बैंक कर्मचारी ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने अपनी पत्नी और परिजनों को मोबाइल पर मैसेज भेजकर इस कदम के लिए स्वयं को जिम्मेदार ठहराया था। मैसेज देखने के बाद परिजनों ने उनकी गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई लेकिन कुछ ही समय बाद उनकी लाश रेलवे पटरी पर मिली। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना से पहले मृतक का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। बताया गया है कि विवाद कार्यालय के अंदर ही हुआ था, क्योंकि दोनों एक ही बैंक में कार्यरत थे। हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या की असल वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय अभिनाष जैन लाला लाजपत राय कॉलोनी, पंजाबी बाग में रहते थे तथा मैदा मिल के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक के लोकल हेड ऑफिस में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी रोली जैन भी उसी बैंक में नौकरी करती हैं।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दोनों घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकले और लगभग 10:30 बजे बैंक पहुंच गए। ऑफिस पहुंचने के बाद दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद यानी 11:30 बजे अभिनाष बैंक से बाहर निकल गए।
ये भी पढ़ें: MP: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर बैतूल में दूसरी बड़ी साइबर ठगी, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी से 23.50 लाख की धोखाधड़ी
दोपहर लगभग 12 बजे उन्होंने अपनी पत्नी और परिजनों को मोबाइल पर मैसेज भेजकर आत्महत्या करने की बात कही। मैसेज में उन्होंने लिखा कि वे अब कभी वापस नहीं आएंगे और इस कदम के लिए स्वयं जिम्मेदार हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके जीवन में उनसे कई गलतियां हुई हैं। मैसेज भेजने के बाद उन्होंने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।
परिजनों ने मैसेज मिलने के बाद आसपास तलाश की लेकिन अभिनाष का पता नहीं लग सका। इसके बाद वे एमपी नगर थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस भी उनकी खोज में जुट गई।
शाम करीब 4 बजे परिजन चेतक ब्रिज की तरफ पहुंचे, जहां भीड़ देखकर उन्हें कुछ संदेह हुआ। पुलिस और परिजन जब मौके पर पहुंचे तो ब्रिज से करीब 100 मीटर दूरी पर रेलवे ट्रैक पर अभिनाष का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में दंपति के बीच हुए विवाद का मामला सामने आया है लेकिन घटना के सही कारणों का पता जांच के बाद ही लग सकेगा।
