मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर की तीन बस्तियों का दौरा कर वहां की पेयजल व्यवस्था देखी। इसके बाद उन्होंने कहा कि भागीरथपुरा ही नहीं, शहर के कई इलाकों में दूषित जल की सप्लाई हो रही है। सिंघार मदीना नगर, खजराना, भूरी टेकरी, बर्फानी धाम काॅलोनी में पहुंचे थे और लोगों से सप्लाई को लेकर बातें की। उन्होंने दूषित पानी के सेंपल भी लिए है।
सिंघार ने कहा कि इंदौर में जहरीले पानी का सच उजागर हुआ है। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग मामला दबाने में जुटा है, लेकिन मैंने इंदौर में खुद वाटर ऑडिट शुरू किया है, जिसमें दूषित पानी की शिकायतें सामने आ रही हैं।कई और इलाके भागीरथपुरा बनने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि यह केवल भागीरथपुरा की त्रासदी नहीं है, बल्कि पूरा इंदौर दूषित पानी पीने को मजबूर है। जो काम प्रशासन को करना चाहिए था, वह आज विपक्ष को सड़कों पर उतरकर करना पड़ रहा है।
मदीना नगर में रहवासियों ने उन्हें बताया कि नए नल कनेक्शन के नाम पर आठ हजार रुपये तक खर्च हो रहे है, लेकिन न तो पानी ज्यादा आता और न ही साफ पानी मिलता है। भुगतान न करने पर कनेक्शन काटने की धमकी दी जाती है।
खजराना के रहवासियों ने बताया कि सप्लाई के समय पानी में बदबू आती है। पुरानी लाइनें ठीक नहीं की जा रही है। कई जगह नर्मदा और ड्रेनेज लाइन आसपास है। दूषित सप्लाई की यहीं सबसे बड़ी वजह है। सिंघार ने कहा कि वे पानी की जांच कराएंगे और सरकार की लापरवाही को उजागर करेंगे।
