इंदौर में मौसम के बदले मिजाज और घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर लगातार बना हुआ है। बुधवार को लगातार पांचवें दिन देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने के कारण उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह के समय रनवे क्षेत्र में घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी घटकर मात्र 200 मीटर तक रह गई, जिससे हवाई यातायात की गति थम गई।
यह भी पढ़ें…
Indore: नए मरीज अब कम निकल रहे भागीरथपुरा में, अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या भी घटी
उड़ानों की समयबद्धता पर असर
खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण 10 से अधिक उड़ानों को अपने निर्धारित समय से देरी से संचालित होना पड़ा। सुबह 6:30 से 9:30 बजे के बीच का समय सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहा, जिसमें कई विमानों को टेकऑफ और लैंडिंग के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इसी बीच, इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी चेन्नई जाने वाली उड़ान को निरस्त करने का निर्णय लिया, जिससे यात्रियों का शेड्यूल बिगड़ गया।
यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें
हवाई सेवाओं में हो रही इस देरी ने यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है। सुबह की फ्लाइट पकड़ने पहुंचे यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल पर घंटों इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी इस देरी के कारण छूट गईं। हालांकि, एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि विमानों का संचालन सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए, मौसम साफ होने के बाद ही किया जा रहा है।
देरी से संचालित होने वाली मुख्य उड़ानें
जबलपुर, दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई, जयपुर और बेंगलुरु जैसे शहरों की उड़ानों पर कोहरे का सबसे ज्यादा असर देखा गया। पुणे-इंदौर, मुंबई-इंदौर और अहमदाबाद-इंदौर जैसी आने वाली फ्लाइट्स अपने समय से 1 से 2 घंटे की देरी से पहुंचीं। वहीं इंदौर से मुंबई, जबलपुर, बेंगलुरु और जम्मू जाने वाली फ्लाइट्स भी देरी से रवाना हुईं।
