महिला के पति युगांडा में नौकरी करते हैं। वह यहां अपने बेटे के साथ रहती हैं। बेटा बीमार है। उसके इलाज के लिए सात लाख रुपये जोड़े थे। महिला के मोबाइल पर …और पढ़ें

HighLights
- खुद को चाचा ससुर बताते हुए महिला से कहा कि वो दुबई में फंस गया है
- महिला से उसने बताया कि वीजा खत्म होने के बाद उस पर जुर्माना लगा है
- बोला- जुर्माना भरने के लिए सात लाख रुपये दे दो, फिर लौटा दूंगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर के जनकगंज क्षेत्र में रहने वाली महिला के साथ सात लाख रुपये की ठगी हो गई। महिला ने अपने बेटे के इलाज के लिए यह रुपये जोड़े थे, जो शातिर ठग ने चचिया ससुर बनकर ठग लिए। उसने चचिया ससुर की आवाज में महिला से बात की और खुद को दुबई एंबेसी में फंसा होना बताया। महिला के खाते में 10.50 लाख रुपये भेजने की बात कहकर लिंक भेजी। इसके बाद महिला के खाते से ही यह रुपये निकल गए।
महिला की शिकायत पर जनकगंज थाने में ई-जीरो एफआईआर दर्ज हुई है। जनकगंज क्षेत्र में रहने वालीं रानी (परिवर्तित नाम) के पति युगांडा में नौकरी करते हैं। वह यहां अपने बेटे के साथ रहती हैं। बेटा बीमार है। उसके इलाज के लिए सात लाख रुपये जोड़े थे। महिला के मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया, जब महिला ने बात की तो उसने महिला का चचिया ससुर बनकर बात की।
बोला- खात फ्रीज हो गया, फिर 10.50 लाख रुपये ट्रांसफर करता हूं
चचिया ससुर दुबई में है। उसने कहा कि वह एंबेसी में फंस गया है। वीजा खत्म होने के बाद उस पर जुर्माना लगा है। इसलिए उसका खाता फ्रीज हो गया है। वह 10.50 लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर रहा है, तब तक जुर्माना भरने के लिए सात लाख रुपये जमा करने के लिए एक लिंक भेज दी। महिला बातों में आ गई। लिंक पर क्लिक करते ही उसके खाते से रुपये निकल गए। महिला ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल किया। इसके बाद खाता फ्रीज कराया।
