देशभर में वारदातों को अंजाम देने के बाद ईरानी गैंग के बदमाशों के छिपने के लिए सुरक्षित माने जाने वाले ईरानी डेरे को लेकर भोपाल पुलिस और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है। जिन 34 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, उसमें से एक बदमाश तालिब को पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। बाकी अपराधी जेल में बंद हैं। ईरानी बदमाशों के बड़ी संख्या में पकड़े जाने की सूचना के बाद महाराष्ट्र और राजस्थान पुलिस की विशेष टीमें भोपाल पहुंच चुकी हैं। यह ईरानी गैंग भोपाल और आसपास केजिलों के साथ दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, हैदराबाद और बेंगलुरू जैसे बड़े शहरों के साथ एक दर्जन राज्यों में अपराध कर चुके हैं। सभी शहरों में वारदातों को अंजाम देने के बाद गिरोह के सदस्य भोपाल के करोंद स्थित अमन कॉलोनी (ईरानी डेरे) में छिपते हैं।
कारण यह है कि इस बस्ती की बनावट ऐसी है कि पुलिस अगर अंदर पहुंच जाए तो वह चारों तरफ से घिर जाती है। इसलिए इस बस्ती पर भोपाल के साथ दूसरे राज्यों की पुलिस जब भी अपराधियों को पकड़ने, वारंट तामीली करने आती हैं, पिट जाती हैं। भोपाल पुलिस और प्रशासन ने राजधानी भोपाल के कुख्यात ईरानी डेरे में वर्षों से फल-फूल रहे अपराध के अवैध साम्राज्य को समाप्त करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शासन-प्रशासन ने इस पूरे क्षेत्र को अपराधियों का गढ़ मानते हुए यहां बने अवैध निर्माणों को चिन्हित कर लिया है और उन पर बुलडोजर चलाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। प्रशासन की कार्रवाई केवल अवैध निर्माण गिराने तक सीमित नहीं है। मास्टरमाइंड राजू और उसके सहयोगियों की चल और अचल संपत्तियों को कुर्क करने की वैधानिक प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। अधिकारियों का तर्क है कि इस अपराध गिरोह को तोड़ने के लिए अमन कॉलोनी में पुलिस की पहुंच को आसान बनाना होगा। इसके लिए उस कॉलोनी के अवैध निर्माणों को तोड़ना होगा।
ये भी पढ़ें- बाजार, दुकानों और चौपाटियों पर प्रशासन का छापा, हर जगह हो रही फूड सैंपलिंग
गैंग के सरदार सहित आधा दर्जन कुख्यात बदमाशों की तलाश
भोपाल सहित कई राज्यों की पुलिस को भोपाल के ईरानी डेरे के सरदार और कुख्यात बदमाश राजू ईरानी सहित काला ईरानी, अली, मुस्तफा, अब्बासी, हैदर उर्फ मामू, मस्तान और महारानी जैसे बदमाशों की तलाश है। महारानी महिला है जो महिलाओं के गिरोह को संभालती है और ड्रग्स तस्करी की कमान संभालती है। आपसी समन्वय से अपराधों का सुलझाने के लिए महाराष्ट्र के अमरावती, राजस्थान के श्रीगंगानगर, झालावाड़ और मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की पुलिस भोपाल में डेरा डाले हुए है।
