जानकारी के अनुसार बदरवास निवासी सुनील कुमार प्रजापति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह तहसीलदार सचिन भार्गव और राजस्व अमले के साथ क्षेत्र के भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान ग्राम सढ़बूढ़ के पास सिंध नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन की तैयारी किए जाने की सूचना मिली।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि हाइड्रा मशीन और ट्रैक्टरों की मदद से नदी क्षेत्र में रास्ता बनाकर रेत निकालने की तैयारी की जा रही थी। राजस्व विभाग की टीम ने जब कार्रवाई शुरू की तो वहां मौजूद लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें- मोहर्रम जुलूस में बड़ा हादसा: रतलाम में हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराया; तीन की मौत; बिजली कर्मचारी निलंबित
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने शासकीय कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने बंदूक से गोली मारने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी भयभीत हो गए। घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
बदरवास थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जयमंडल यादव, लाखन यादव और बिकुल यादव, निवासी ग्राम सढ़बूढ़, के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, धमकी देने और अवैध खनन से संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण कायम किया गया है।पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
