ये लोग शाम करीब चार बजे नदी पर नहाने के लिए गए थे। जैसे ही कपड़े बाहर उतारकर नदी में नहाने के लिए उतरे तो एक किशोर डूबने लगा।

HighLights
- नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
- दोस्त तो बच गया, पर खुद को नहीं बचा सका मासूम
- ग्रामीणों ने निकाला शव, पुलिस ने दर्ज किया मर्ग
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मोहना क्षेत्र में रहने वाले 14 वर्षीय बालक की नदी में डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने के लिए गया था। दोस्त डूबने लगा तो उसे बचाने वह भी गहरे पानी में चल गया। दोस्त बच गया पर वह पानी से बाहर नही निकल पाया।
एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि मोहना थाना क्षेत्र के अंतर्गत दौरान गांव से गुजरने वाली पार्वती नदी के पास ही दूसरी नदी है। जिसे लोग आम की नदी कहते हैं।
नदी के ओढ़ा घाट पर गांव के रहने वाले सतीश कुमार का 14 वर्षीय बेटा शौर्य दोस्तों के साथ नदी में नहाने के लिए चला गया। यह लोग शाम करीब चार बजे नदी पर नहाने के लिए गए थे। जैसे ही कपड़े बाहर उतारकर नदी में नहाने के लिए उतरे तो एक किशोर डूबने लगा।
जिसे बचाने की कोशिश में शौर्य गहरे पानी में चला गया। उसकी डूबने से मौत हो गई। यहां से किशोर भागे और गांव में रहने वाले लाल सिंह को बताया। लाल सिंह सतीश का भाई है। वह घर पहुंचा। फिर सभी लोग नदी पर पहुंचे। नदी के किनारे ही कपड़े और चप्पल मिली। स्वजन और ग्रामीणों ने शव नदी में ढूंढा तो करीब आधा किमी दूर शव मिल गया। फिर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
