राजधानी भोपाल में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने गुरुवार को छात्रों की गूंज अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान सीबीएसई और नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। इस दौरान पन्ना के 10वीं कक्षा के पूर्व जिला टॉपर लक्ष्य मिश्रा अपनी बात रखते हुए भावुक हो गए और सांसद इमरान मसूद के सामने फूट-फूट कर रो पड़े। लक्ष्य ने आरोप लगाया कि सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों ने उनके भविष्य पर असर डाला है। उन्होंने बताया कि 10वीं बोर्ड परीक्षा में 95.8 प्रतिशत अंक हासिल करने के बावजूद उनकी उत्तर पुस्तिका की जांच में गंभीर त्रुटियां हुईं। उनका कहना था कि कई सही उत्तरों के बावजूद उन्हें अंक नहीं दिए गए, जबकि पुनर्मूल्यांकन के बाद भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ।

12 घंटे की मेहनत का सम्मान नहीं मिला

लक्ष्य ने कहा कि यह सिर्फ कुछ अंकों का मामला नहीं है, बल्कि लंबे समय तक की गई मेहनत और समर्पण का सवाल है। उन्होंने बताया कि बोर्ड अधिकारियों और क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क करने के बाद भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस पूरी प्रक्रिया से वे मानसिक रूप से काफी परेशान रहे हैं।

नीट अभ्यर्थी ने भी सुनाई आपबीती

खंडवा से आई नीट अभ्यर्थी खुशी सिटोके ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि लाखों छात्र वर्षों की मेहनत के बाद भी व्यवस्था की खामियों का खामियाजा भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा संबंधी विवादों और अनिश्चितताओं का सीधा असर छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें-आपातकाल दिवस पर भोपाल में होगा विशेष सम्मान समारोह, दो हजार से अधिक मीसाबंदी परिवार होंगे शामिल

इमरान मसूद ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने छात्रों की बातें सुनने के बाद कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में कई परीक्षाएं पेपर लीक और अन्य कारणों से प्रभावित हुई हैं, जिससे करोड़ों युवाओं को नुकसान उठाना पड़ा है। मसूद ने कहा कि छात्रों और उनके परिवारों पर परीक्षा व्यवस्था की खामियों का आर्थिक और मानसिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की जरूरत बताई। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी,एनएसयूआई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अभियान के दौरान छात्रों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

देशभर में चलेगा अभियान

एनएसयूआई के छात्रों की गूंज अभियान के तहत छात्रों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। संगठन के मुताबिक यह अभियान 40 दिनों तक देश के 28 शहरों में चलेगा। इसके तहत छात्रों से संवाद, जनजागरण कार्यक्रम और विभिन्न चरणों में प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें-आज IPS के लिए होगी डीपीसी, नौ पदों के दावेदार कई अधिकारियों की किस्मत का होगा फैसला

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

-केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग।

– परीक्षा प्रणाली और एनटीए की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच।

– पेपर लीक मामलों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई।

– परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया के लिए तय वार्षिक कैलेंडर लागू किया जाए।

– परिणाम और नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया जाए।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *