इंदौर में सड़कों का चौड़ीकरण तो होता है, लेकिन नई सड़कें कम बनती हैं। जिन सड़कों को बनाने का फैसला लिया गया, उनमें से एक सड़क पिछले दस वर्षों से अधूरी पड़ी है। खास बात यह है कि एमआर-4 मार्ग पर नया रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड बनकर तैयार हो चुके हैं, लेकिन सड़क कब बनेगी, इसका कोई पता नहीं है। नगर निगम इस सड़क के निर्माण के लिए भागीरथपुरा क्षेत्र के 200 से अधिक निर्माण नहीं हटा पा रहा है।

 

इस सड़क का निर्माण सिंहस्थ-2016 के दौरान शुरू हुआ था, लेकिन 10 साल बाद भी यह पूरी नहीं हो सकी है। ढाई साल बाद उज्जैन में सिंहस्थ-2028 आयोजित होने वाला है। तब तक इस सड़क का निर्माण होना जरूरी है, क्योंकि इस मार्ग पर दो बस स्टैंड और तीन रेलवे स्टेशन स्थित हैं। सिंहस्थ के समय बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए यह सड़क सबसे अधिक उपयोगी साबित होगी।

यदि यह सड़क बन जाती है तो श्रमिक क्षेत्र के स्वदेशी मिल मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इंदौर से उज्जैन जाने वाला यातायात भी इसी मार्ग से होकर गुजर सकेगा, लेकिन सड़क निर्माण को लेकर नगर निगम पर्याप्त रुचि नहीं दिखा रहा है। रहवासियों को दो वर्ष पहले नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन भागीरथपुरा दूषित पेयजल कांड के बाद जनप्रतिनिधि सड़क निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से बच रहे हैं।

 

शहर के दक्षिणी हिस्से को मध्य क्षेत्र से जोड़ने वाली इस सड़क पर भविष्य में प्रतिदिन 50 हजार से अधिक वाहनों के गुजरने की संभावना है। यह मार्ग सीधे उज्जैन रोड से जुड़ता है। वर्तमान में उज्जैन जाने के लिए परदेशीपुरा, आईटीआई मार्ग और चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा चौराहे से होकर गुजरना पड़ता है।

 

आने वाले समय में सबसे तेज बसाहट सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में होने की संभावना है। यहां बड़े मॉल, होटल और अन्य व्यावसायिक परियोजनाएं विकसित हो रही हैं। इसके कारण एमआर-4 मार्ग का उपयोग और अधिक बढ़ जाएगा।


 

इस सड़क के लिए पिछले सिंहस्थ मेले के दौरान सरकार ने सिंहस्थ मद से 30 करोड़ रुपये मंजूर किए थे। तब स्वदेशी मिल से लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन तक दो लेन की सड़क बनाई गई थी। यह सड़क आगे कुमेड़ी में बने नए अंतरराज्यीय बस स्टैंड तक बनाई जानी है। यात्रियों के लिए यह मार्ग  उपयोगी रहेगा।इसके अलावा यह सड़क शहर के बाणगंगा, भागीरथपुरा, श्याम नगर, गौरी नगर, सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र और खातीपुरा जैसे क्षेत्रों को भी आपस में जोड़ती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *