प्रदेश को शनिवार को आवास और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में दो बड़ी सौगातें मिलने जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर इंदौर जिले के सांवेर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के हजारों हितग्राहियों को आवास स्वीकृतियां प्रदान करेंगे। साथ ही इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोर-लेन सड़क परियोजना का भूमि-पूजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में 42 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों को 2,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की आवास स्वीकृतियां प्रदान की जाएंगी। वहीं, 38 हजार से अधिक परिवार अपने नए पक्के मकानों में गृह-प्रवेश करेंगे। सरकार का दावा है कि यह पहल सभी पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के अभियान को और गति देगी।
ये भी पढ़ें- Bhopal News: भोपाल से लापता छह वर्षीय अंश मथुरा में मिला सुरक्षित, चार दिन बाद पुलिस ने किया रेस्क्यू
इंदौर-उज्जैन के बीच बनेगा हाई-स्पीड कॉरिडोर
कार्यक्रम का दूसरा प्रमुख आकर्षण 2,935 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोर-लेन सड़क परियोजना है। लगभग 48.10 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर दोनों शहरों के बीच आवागमन को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा विकसित की जा रही इस परियोजना को हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल पर तैयार किया जाएगा। इसके निर्माण से मालवा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार, लॉजिस्टिक्स, कृषि विपणन और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- MP News: विधानसभा के मानसून सत्र में पेश होगा अवैध कॉलोनियों पर सख्त कानून, 10 साल तक की सजा का प्रावधान
महाकाल आने वाले श्रद्धालुओं को होगी सुविधा
ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के निर्माण के बाद उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। इंदौर से उज्जैन की यात्रा अधिक सुगम और समयबद्ध हो सकेगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
ये भी पढ़ें- MP News: वन विभाग की समीक्षा बैठक, मुख्यमंत्री यादव बोले- टाइगर स्ट्राइक फोर्स की तर्ज पर बनेगी नई टास्क फोर्स
किसानों और स्थानीय लोगों की सुविधा का भी ध्यान
परियोजना में स्थानीय आबादी और किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 18 अंडरपास और 19 जंक्शन सुधार कार्य शामिल किए गए हैं। इसके अलावा वेस्टर्न रिंग रोड और उज्जैन-बदनावर मार्ग पर ग्रेड सेपरेटेड जंक्शन विकसित किए जाएंगे। सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए टोल प्लाजा पर एंबुलेंस, क्रेन और पेट्रोलिंग वाहनों की व्यवस्था भी रहेगी।
