ग्वालियर- सरकारी भर्ती परीक्षाओं में वन टाइम फीस (ओटीएफ) व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ने ग्वालियर में ‘रन फॉर ओटीएफ’ मैराथन आयोजित की गयी है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। संगठन ने केंद्र और राज्य सरकार से ‘एक फीस-अनेक परीक्षा’ व्यवस्था लागू करने की मांग की। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भान चिब, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और राष्ट्रीय महासचिव मितेंद्र दर्शन सिंह शामिल हुए।

मैराथन सुबह सात बजे मेला ग्राउंड से शुरू हुई। यह गोला का मंदिर, हजीरा और सेवा नगर होते हुए फूलबाग मैदान पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। समापन कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि बीजेपी देशभक्त के भाषण दे रही है लेकिन धर्मेंद्र प्रधान जो पाप कर चुके हैं उस पर मौन है।

प्रतियोगी छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत

युवाओं की लड़ाई कांग्रेस पार्टी अच्छी तरीके से लड़ेगी और इसकी शुरुआत आज ग्वालियर से हो रही है। जीतू पटवारी ने दावा किया कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के आवेदन शुल्क के कारण एक छात्र को सालभर में करीब 40 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। उनके अनुसार यह आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी चुनौती है।

ये भी पढ़ें- Gwalior News: स्टेशन पर 10 लाख रुपये से भरा सूटकेस गायब, GRP ने तीन घंटे में किया बरामद; अब हो रही तारीफ

वहीं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं के लिए बार-बार आवेदन शुल्क लेना युवाओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालता है। उन्होंने कहा कि ‘एक फीस-अनेक परीक्षा’ व्यवस्था लागू होने से लाखों युवाओं को राहत मिलेगी। साथ ही केंद्र सरकार से युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ओटीएफ की मांग को लेकर ग्वालियर से प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत की जा रही है। आने वाले दिनों में प्रदेशभर में पदयात्राएं, मशाल जुलूस और जनजागरण अभियान आयोजित किए जाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *