मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को सागर जिले के केसली विकासखंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होकर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 37वीं किश्त जारी करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1835 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम के दौरान देवरी विधानसभा क्षेत्र को लगभग 190.85 करोड़ रुपये की लागत वाले 53 विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। इनमें 122.02 करोड़ रुपये की लागत के 28 विकास कार्यों का भूमि-पूजन तथा 68.83 करोड़ रुपये की लागत के 25 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- देवास में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला: पथराव में छह वनकर्मी घायल, जेसीबी भी क्षतिग्रस्त; क्षेत्र में तनाव
इन विकास परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा तकनीकी शिक्षा विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से देवरी और केसली विकासखंड सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. यादव एक ओर जहां लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई मजबूती देंगे, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के विकास को गति देने वाली अधोसंरचना परियोजनाओं की आधारशिला रखकर विकास की नई दिशा भी प्रदान करेंगे।
ये भी पढ़ें- छात्राओं की शिकायत सही निकली: खराब भोजन और अव्यवस्थाओं को लेकर गिरी गाज, छात्रावास अधीक्षिका पद से हटाई गईं