इंदौर के व्यस्त पटेल ब्रिज पर गुरुवार दोपहर पानी बांट रहे नगर निगम का टैंकर बेकाबू हो गया और उसने तीन कार और दो बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद भी टैंकर नहीं रुका और वह ब्रिज के फुटपाथ पर चढ़ते हुए रेलिंग से जा टकराया।
हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। जिन गाड़ियों को टैंकर ने अपना शिकार बनाया वह ब्रिज के किनारे पर खड़ी थी। जिस हिस्से में यह हादसा हुआ वह ब्रिज के ढलान वाला क्षेत्र है।संभवतः गाड़ी का ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हो सकता है। टक्कर के बाद चालक टैंकर की चाबी लेकर भाग गया। इस कारण जवाहर मार्ग पर यातायात भी बाधित हुआ। मौके पर पुलिसकर्मियों ने जाकर ट्रैफिक खुलवाया और ट्रक को वहां से हटवाया।
टैंकर चालक के पकड़े जाने के बाद ही पता चल पाएगा कि टक्कर की असली वजह क्या थी। इंदौर के व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है लेकिन जल संकट के कारण पानी बांट रहे निगम के टैंकर को छूट है। शहर में नगर निगम द्वारा किराए पर लिए गए 500 से ज्यादा टैंकर पानी बांट रहे है। घटना के बाद एक आक्रोशित युवक ने टैंकर के कांच फोड़ दिए। बाद में उसे पुलिसकर्मियों ने समझा कर रवाना किया।
ब्रिज पर ही पार्क होते है वाहन
पटेल ब्रिज के समीप सियागंज क्षेत्र है, जहां वाहनों के पार्क होने की जगह नहीं है। इस कारण अक्सर ब्रिज पर लोग वाहन पार्क कर देते है। इस कारण अक्सर हादसे का अंदेशा बना रहता है।
