देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आईईटी (इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) विभाग के हॉस्टल में पिछले दिनों छात्रों द्वारा अर्धनग्न होकर डांस करने और तोड़फोड़ करने के मामले में प्रबंधन ने सख्त रुख अपना लिया है। वीडियो के आधार पर चिन्हित किए गए सत्रह छात्रों के अभिभावकों का विभाग में आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। विभाग की ओर से नोटिस जारी होने के बाद अब तक चार छात्रों के माता-पिता प्रबंधन से मुलाकात करने पहुंच चुके हैं। संस्थान के अधिकारियों से चर्चा के दौरान छात्र के परिजन अपने बच्चों द्वारा की गई इस अमर्यादित हरकत पर कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं नजर आए और उन्होंने प्रबंधन के सामने गहरी शर्मिंदगी व्यक्त की है।
परिजनों और छात्रों से लिया जा रहा शपथ पत्र
आईईटी के निदेशक डॉ. प्रतोष बंसल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिन भी छात्रों के माता-पिता विभाग में आ रहे हैं, उनसे और संबंधित छात्रों से एक लिखित एफिडेविट लिया जा रहा है। इस शपथ पत्र में कई महत्वपूर्ण शर्तों और बातों का उल्लेख किया गया है। इसमें विशेष रूप से यह लिखवाया जा रहा है कि भविष्य में छात्र ऐसा कोई भी कार्य नहीं करेंगे जिससे संस्थान की छवि धूमिल हो, बल्कि वे ऐसा काम करेंगे जिससे विभाग को उन पर गर्व हो सके। इसके साथ ही वे जिस भी संस्था या समाज में रहेंगे, वहां नियमों का पूरी तरह पालन करेंगे, समाजहित में काम करेंगे और एक अच्छे नागरिक की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा अनुशासनहीनता करने वाले इन छात्रों पर पच्चीस हजार रुपए का आर्थिक जुर्माना भी लगाया गया है।
जुर्माना राशि जमा न करने पर रोका जाएगा परीक्षा परिणाम
संस्थान के निदेशक ने साफ किया है कि छात्रों द्वारा हॉस्टल परिसर में की गई हरकत बेहद गंभीर और आपत्तिजनक थी। इसी वजह से प्रति छात्र पच्चीस हजार रुपए की पेनाल्टी तय की गई है। जब तक दोषी छात्र इस पेनाल्टी की राशि को पूरी तरह से जमा नहीं कर देते, तब तक विभाग द्वारा उनका परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि इस घटना के सामने आने के तुरंत बाद छात्रों को मुख्य परीक्षाओं में बैठने से रोक दिया गया था। अब इस पूरे मामले की आंतरिक जांच पूरी होने के बाद ही उनके बाकी बचे हुए पेपर आयोजित करवाए जाएंगे।
यह था पूरा घटनाक्रम
यह पूरा मामला पिछले दिनों आईईटी विभाग के एक हॉस्टल का है, जहां फाइनल ईयर के छात्रों ने विदाई के नाम पर जमकर उत्पाद मचाया था। छात्रों ने हॉस्टल परिसर में अर्धनग्न होकर दारू बदनाम कर दी गाने पर तेज आवाज में डांस किया था। इस हुड़दंग के दौरान छात्रों ने हॉस्टल की संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया था, जिसमें टेबल, कुर्सियां, पानी की टंकी और खिड़कियों के कांच तोड़ दिए गए थे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए दोषी छात्रों पर कार्रवाई शुरू की थी। बाद में घबराए छात्रों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी इस हरकत के लिए माफी भी मांगी थी।
