शिवपुरी में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण महाअभियान में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सोशल मीडिया पर चर्चा में चल रही “कॉकरोच जनता पार्टी” को लेकर प्रतिक्रिया दी। दोनों नेताओं ने कहा कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता और वास्तविक राजनीति में बड़ा अंतर होता है। उनका कहना था कि जनता के बीच काम करने वाले दल ही लंबे समय तक टिकते हैं।

‘राजनीति केवल ट्रेंड और फॉलोअर्स से नहीं चलती’

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज सोशल मीडिया पर कोई भी नाम या संगठन कुछ समय के लिए ट्रेंड कर सकता है, लेकिन राजनीति केवल ट्रेंड और फॉलोअर्स के आधार पर नहीं चलती। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और विचारधारा सबसे महत्वपूर्ण होती है। सिंधिया ने कहा कि भाजपा गांव, गरीब, किसान और युवाओं के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

‘संगठन खड़ा करना अलग बात’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी सोशल मीडिया पर बन रहे नए राजनीतिक ट्रेंड्स को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चर्चा होना अलग बात है, लेकिन जनता के बीच संगठन खड़ा करना और वर्षों तक संघर्ष करना अलग विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा बूथ स्तर तक मजबूत संगठन के साथ काम कर रही है और जनता का भरोसा पार्टी के साथ बना हुआ है।

विकसित भारत 2047 पर दिया जोर

प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान सिंधिया ने “विकसित भारत 2047” के संकल्प पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। सिंधिया ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें-त्विषा शर्मा मौत मामले में भोपाल कोर्ट का बड़ा फैसला, आरोपी समर्थ सिंह सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया

बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर भी बोले सिंधिया

कार्यक्रम के दौरान बंगाल में घुसपैठियों के मुद्दे पर भी सिंधिया ने भाजपा का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अवैध घुसपैठ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर स्पष्ट नीति के साथ काम कर रही है।

बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता

कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। नेताओं ने संगठन की मजबूती, आगामी चुनावों की तैयारी और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर भी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *