भोपाल पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम शाखा ने सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को लेकर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि साइबर ठग सीजेपी का सदस्य बनाने और वायरल मूवमेंट से जोड़ने के नाम पर फर्जी एपीके फाइल और संदिग्ध लिंक भेज रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, जैसे ही यूजर इन लिंक पर क्लिक करता है या एपीके फाइल डाउनलोड करता है, मोबाइल हैक होने और बैंकिंग जानकारी चोरी होने का खतरा बढ़ जाता है।
व्हाट्सऐप-टेलीग्राम पर फैल रहा फ्रॉड नेटवर्क
साइबर अपराधी व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और एसएमएस के जरिए लोगों को मेंबरशिप लिंक भेज रहे हैं। कई यूजर्स को पार्टी से जुड़ने और एक्सक्लूसिव ग्रुप जॉइन करने का लालच देकर ऐप इंस्टॉल कराया जा रहा है। साइबर क्राइम शाखा ने साफ कहा है कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक न करें। सिर्फ गूगल प्ले स्टोर या आधिकारिक वेबसाइट से ही ऐप डाउनलोड करें।
यह भी पढ़ें-भीषण गर्मी के चपेट में MP, 42 जिलों में लू का अलर्ट, नौगांव-खजुराहो प्रदेश के सबसे गर्म शहर
पुलिस ने दी ये चेतावनी
– अनजान लिंक पर क्लिक न करें
– एपीके फाइल डाउनलोड या फॉरवर्ड न करें
– व्हाट्सऐप-टेलीग्राम पर आए संदिग्ध मैसेज से बचें
– गलती से ऐप इंस्टॉल हो जाए तो तुरंत हटाकर पासवर्ड बदलें
– बैंक अकाउंट और यूपीआई गतिविधि तुरंत जांचें
यह भी पढ़ें-जनजाति विभाग में 16 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती, रिक्त पदों का ब्यौरा तलब,कई बार हो चुके हैं प्रदर्शन
साइबर फ्रॉड हो तो तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने अपील की है कि अगर कोई साइबर फ्रॉड का शिकार होता है तो तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दें। शिकायत के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 और भोपाल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 9479990636 जारी किया गया है। साथ ही साइबरक्राइम डॉट गव डॉट इन पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस का कहना है कि वायरल ऑनलाइन ट्रेंड और राजनीतिक मूवमेंट का इस्तेमाल कर साइबर गैंग लोगों को ट्रैप कर रहे हैं। ऐसे में यूजर्स को “वायरल लिंक” और “मेंबरशिप इनवाइट” के नाम पर ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
