त्विषा का दोबारा होगा पोस्टमार्टम
एक तरफ जहां समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह पर कानून का शिकंजा कस रहा था। वहीं, दूसरी तरफ जबलपुर उच्च न्यायालय ने मृतका के परिजनों की याचिका पर एक बेहद बड़ा आदेश जारी करते हुए त्विषा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने का हुक्म दिया है। त्विषा के परिजनों की ओर से जबलपुर हाईकोर्ट में आवेदन दाखिल कर भोपाल एम्स द्वारा किए गए पहले पोस्टमार्टम पर गहरा संदेह व्यक्त किया गया था।
क्या है परिजनों का आरोप?
त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा और भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि त्विषा की सास (पूर्व सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह) की सगी बहन भोपाल की एक बेहद वरिष्ठ चिकित्सक (डॉक्टर) हैं। परिजनों के मुताबिक, 12 मई को त्विषा की मौत के बाद गिरिबाला सिंह अपने बेटे के साथ खुद शव लेकर एम्स पहुंची थीं। इसके बाद गिरिबाला सिंह की डॉक्टर बहन पूरी रात एम्स अस्पताल में ही मौजूद रहीं। अगले दिन 13 मई की सुबह जब त्विषा का पोस्टमार्टम किया जा रहा था, तब भी उनकी डॉक्टर बहन डॉक्टरों के पैनल के पास वहां मौजूद थीं। चूंकि एम्स भोपाल में उनकी पहचान के कई वरिष्ठ चिकित्सक हैं, इसलिए परिजनों को आशंका है कि पहले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट को प्रभावित किया गया है।
चोट के निशानों के बावजूद सुसाइड थ्योरी और ‘फंदे’ की जब्ती पर सवाल
परिजनों का सीधा आरोप है कि त्विषा शर्मा की पीएम रिपोर्ट में उनके शरीर पर कुछ नए और पुराने चोटों के निशान पाए गए हैं। शरीर पर संघर्ष के स्पष्ट निशान होने का मतलब है कि मौत से पहले उसके साथ मारपीट हुई थी और उसने अपनी जान बचाने के लिए कड़ा संघर्ष किया था। इन तमाम सबूतों के बावजूद एम्स ने अपनी रिपोर्ट में इसे महज एक आत्महत्या (सुसाइड) करार दे दिया और इन चोटों को लेकर रिपोर्ट में कोई स्पष्ट स्पष्टीकरण नहीं दिया।
परिजनों ने पुलिस और अस्पताल प्रबंधन उठाया गंभीर सवाल
जिस जिम्नास्टिक बेल्ट के सहारे त्विषा फंदे पर लटकी मिली थी, पुलिस ने घटना के तुरंत बाद उसे जब्त क्यों नहीं किया?
पोस्टमार्टम के समय एम्स के डॉक्टरों के दल ने पुलिस से यह क्यों नहीं पूछा कि अगर यह फांसी लगाकर खुदकुशी का मामला है, तो लिगेचर (फंदा) कहां है और किस वस्तु से फंदा बनाया गया था?
जब परिजनों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया और यह बात मीडिया में सुर्खियां बनी, तब जाकर घटना के पांचवें दिन यानी 17 मई को कटारा हिल्स थाना पुलिस ने उस जिम्नास्टिक बेल्ट (लिगेचर) को जब्त किया और जांच के लिए एम्स भेजा। इसके बाद, सोमवार 18 मई को एम्स ने तुरंत यह सप्लीमेंट्री रिपोर्ट दे दी कि जो लिगेचर रविवार को पुलिस ने सौंपा है, उसी से फंदा लगाकर आत्महत्या की गई है। डॉक्टरों की इस जल्दबाजी ने परिजनों के शक को और पुख्ता कर दिया।
शव के डिकंपोज होने का डर दिखाकर जबरन अंतिम संस्कार कराने का दबाव
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जहां अमेरिका जैसे आधुनिक देशों में शव को माइनस 4 डिग्री तापमान पर भी लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है और वह खराब नहीं होता, वहीं एम्स भोपाल ने स्थानीय पुलिस के साथ कथित मिलीभगत करते हुए एक अजीब दलील दी। एम्स ने कहा कि उनके पास शव को सड़ने (डिकंपोज होने) से बचाने के लिए जरूरी माइनस 80 डिग्री तापमान वाले डीप फ्रीजर की सुविधा उपलब्ध नहीं है, इसलिए त्विषा का शव जल्द ही खराब हो सकता है। इसी रिपोर्ट को आधार बनाकर कटारा हिल्स पुलिस ने 20 मई को मृतका के पिता को एक आधिकारिक पत्र थमा दिया, जिसमें लिखा था कि आप जल्दी से शव को अपने कब्जे में लेकर अंतिम संस्कार करें, ताकि बॉडी को डिकंपोज होने से बचाया जा सके।
त्विषा के परिजनों के वकील ने इन्हीं तमाम ठोस और संदेहास्पद आधारों को लेकर जबलपुर उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की थी। शुक्रवार को इस पर विस्तृत सुनवाई करने के बाद उच्च न्यायालय ने दिल्ली एम्स की विशेष टीम से दोबारा पोस्टमार्टम कराने का ऐतिहासिक आदेश सुनाया है। अब जल्द ही दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम विशेष रूप से भोपाल आएगी और त्विषा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कर अपनी स्वतंत्र रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर इस केस की आगे की कानूनी दिशा तय होगी।
त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले की पूरी और विस्तृत टाइमलाइन
12 मई की रात (करीब 10:00 बजे के बाद): भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में 31 वर्षीय त्विषा शर्मा की जिम्नास्टिक बेल्ट के फंदे से लटकी हुई लाश मिली।
12 मई की रात (करीब 10:30 बजे): परिजनों और ससुराल पक्ष द्वारा त्विषा को तुरंत भोपाल एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
12-13 मई की दरमियानी रात (12:00 बजे के कुछ मिनट बाद): एम्स अस्पताल के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, त्विषा के शव को मृत अवस्था में अस्पताल के मर्चुरी वार्ड में लाया गया था।
13 मई की सुबह: एम्स भोपाल के डॉक्टरों के पैनल द्वारा त्विषा के शव का पहला पोस्टमॉर्टम संपन्न किया गया।
13 मई की सुबह: भोपाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मृतका की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या (Dowry Death) का आपराधिक प्रकरण दर्ज किया।
13 मई की दोपहर: एम्स की जल्दबाजी और पुलिसिया कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने भोपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।
13 मई: आरोपी सास गिरिबाला सिंह की ओर से विशेष अदालत में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) के लिए आवेदन दायर किया गया।
14 मई की शाम (करीब 4:30 बजे): भोपाल की विशेष अदालत ने आरोपी पूर्व जज गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत अर्जी को स्वीकार करते हुए उन्हें 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहाई की मंजूरी दे दी।
15 मई: मृतका त्विषा के परिजनों ने एम्स भोपाल द्वारा जारी की गई पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को पूरी तरह से खारिज कर दिया और इसे प्रभावित रिपोर्ट बताया।
15-16 मई: मामले में स्थानीय प्रभाव को देखते हुए परिजनों ने इस पूरे हाईप्रोफाइल केस की निष्पक्ष जांच दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर करने की पुरजोर मांग उठाई।
17 मई की दोपहर (12:00 बजे): न्याय की गुहार लेकर परिजनों ने मुख्यमंत्री आवास (CM House) के बाहर धरना दिया। इसके बाद उन्होंने सीएम सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस बड़े घटनाक्रम के बाद खुद भोपाल पुलिस आयुक्त (CP) ने परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया।
17 मई (पांचवें दिन): कटारा हिल्स पुलिस ने मामले में अत्यधिक दबाव बढ़ने के बाद घटना में इस्तेमाल लिगेचर (जिम्नास्टिक बेल्ट) को पहली बार जब्त किया।
18 मई: परिजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली एम्स के डॉक्टरों से दोबारा स्वतंत्र पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर याचिका दायर की।
18 मई: भोपाल पुलिस ने कोर्ट और परिजनों को आवेदन देकर कहा कि या तो परिजन शव को जल्द अपने कब्जे में लें, अन्यथा पुलिस खुद उसका अंतिम संस्कार कर देगी।
18 मई (सोमवार): एम्स भोपाल ने पुलिस द्वारा रविवार को दिए गए लिगेचर की तुरंत जांच कर सप्लीमेंट्री रिपोर्ट दी कि इसी से फांसी लगाई गई थी।
20 मई: कटारा हिल्स पुलिस ने त्विषा के परिजनों को एक लिखित पत्र भेजा, जिसमें कहा गया कि एम्स में शव को अधिक समय तक सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित डीप फ्रीजर की व्यवस्था नहीं है। बॉडी डिकम्पोज (सड़) सकती है, इसलिए आप तुरंत शव को अपने सुपुर्द लीजिए।
20 मई: परिजनों की इस मांग पर सुनवाई करते हुए भोपाल जिला अदालत ने दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने का आदेश देने से यह कहते हुए साफ इनकार कर दिया कि भोपाल के बाहर (जैसे दिल्ली एम्स से) पीएम कराने का आदेश देना उनके न्यायिक अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
20 मई: मामले के तूल पकड़ने पर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने संज्ञान लिया और मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र भेजकर पूरे मामले पर विस्तृत जवाब तलब किया।
20 मई: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने देश के केंद्रीय गृह मंत्री और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर त्विषा शर्मा मौत मामले की उच्च स्तरीय सीबीआई (CBI) जांच कराए जाने की मांग की।
21 मई: आरोपी पति समर्थ सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जबलपुर उच्च न्यायालय में अपनी अग्रिम जमानत याचिका दायर की।
21 मई: मृतका त्विषा के परिजनों की ओर से भी जबलपुर उच्च न्यायालय में दोबारा पीएम कराने और सास गिरिबाला सिंह को भोपाल जिला अदालत से मिली अग्रिम जमानत को निरस्त करने के लिए दो अलग-अलग याचिकाएं दायर की गईं।
21 मई: परिजनों के वकील ने भोपाल जिला अदालत में एक और याचिका दायर कर मांग की कि 12 मई से 13 मई के बीच आरोपी गिरिबाला सिंह के लगभग चार दर्जन (48) मोबाइल नंबरों पर हुई बातचीत की सघन जांच हो, उनके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) व अन्य डिजिटल दस्तावेज सुरक्षित रखे जाएं और उन्हें पुलिस केस डायरी का हिस्सा बनाया जाए।
22 मई (शुक्रवार): मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्विषा शर्मा की मौत की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने के लिए अपनी आधिकारिक सहमति दे दी और इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिख दिया।
22 मई (शुक्रवार): जबलपुर उच्च न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए दिल्ली एम्स की टीम से त्विषा का दोबारा पोस्टमार्टम कराने का आदेश जारी कर दिया। इसी दिन हाईकोर्ट में आरोपी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने की नौबत आई, जिसे भांपकर उनके वकील ने याचिका वापस ले ली।
22 मई (शुक्रवार): अग्रिम जमानत याचिका वापस होने के बाद आरोपी वकील समर्थ सिंह भेष बदलकर जबलपुर जिला अदालत में सरेंडर करने पहुंचा, लेकिन वहां के जज ने तकनीकी कारणों से सरेंडर लेने से मना कर दिया। इसके तुरंत बाद कोर्ट परिसर में मचे हंगामे के बीच जबलपुर पुलिस ने समर्थ सिंह को अपनी कस्टडी में ले लिया।
22 मई (शुक्रवार): पूरे घटनाक्रम के बीच जब मीडिया ने इस केस की सीबीआई जांच को लेकर सवाल पूछा, तो आरोपी गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता आपा खो बैठे और मीडियाकर्मियों पर जमकर भड़कते हुए चीखने-चिल्लाने लगे।
22-23 मई की दरमियानी देर रात: भोपाल पुलिस की एक विशेष टीम जबलपुर से आरोपी समर्थ सिंह को हिरासत में लेकर कड़ी सुरक्षा के बीच भोपाल पहुंची और उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
ये भी पढ़ें: गिरिबाला सिंह को हाईकोर्ट का नोटिस, अग्रिम जमानत रद्द करने की याचिका पर 25 मई को सुनवाई
