भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई है। मुख्यमंत्री के भोपाल पहुंचने के समय एक आरक्षक की कार अचानक वीआईपी कारकेड के बीच पहुंच गई। घटना बुधवार रात स्टेट हैंगर के पास की बताई जा रही है। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस विभाग ने संबंधित आरक्षक को तत्काल लाइन अटैच कर दिया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार आरक्षक शैलेश अवस्थी वीआईपी ड्यूटी में तैनात थे। मुख्यमंत्री के लखनऊ से लौटने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी। इसी बीच उनकी कार अचानक कारकेड रूट में पहुंच गई, जिसके बाद सुरक्षा में तैनात जवानों ने तुरंत वाहन को रोका। प्रारंभिक जांच में शराब सेवन जैसी कोई बात सामने नहीं आई है, लेकिन सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन को गंभीर माना गया है। आरक्षक ने अधिकारियों को बताया कि वह सुबह से लगातार ड्यूटी पर थे और लंबे समय तक काम करने के कारण थकान की स्थिति में अनजाने में कारकेड के रास्ते पर पहुंच गए।
