ग्वालियर में सगाई के बाद युवती से दुष्कर्म कर शादी से इन्कार करने वाले एसएएफ जवान पर मामला दर्ज हुआ। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। …और पढ़ें

Publish Date: Fri, 15 May 2026 12:06:23 PM (IST)Updated Date: Fri, 15 May 2026 12:06:23 PM (IST)

ग्वालियर में सगाई के बाद युवती से सरकारी आवास पर किया दुष्कर्म, आरोपी जवान ने शादी से किया इन्कार
युवती से दुष्कर्म कर शादी से इन्कार। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सगाई के बाद युवती को सरकारी आवास पर बुलाया गया।
  2. शादी का झांसा देकर आरोपी ने कई बार दुष्कर्म किया।
  3. विवाह की तैयारियों बीच आरोपी ने शादी से साफ इन्कार किया।

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। माधौगंज थाना क्षेत्र में सगाई के बाद युवती से दुष्कर्म कर शादी से इन्कार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एसएएफ जवान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार खेड़ापति कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय युवती मूल रूप से भिंड जिले के लहार क्षेत्र की रहने वाली है और फाइनल ईयर की छात्रा है। युवती ने शिकायत में बताया कि 15 फरवरी को उसके स्वजन ने उसकी शादी अंकित ओझा नामक युवक से तय की थी, जो एसएएफ में जवान है और तिलक नगर स्थित सरकारी आवास में रहता है। दोनों की सगाई 20 मार्च को हुई थी, जबकि विवाह पांच मई को होना तय था।

शादी तय होने के बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि तीन मार्च को आरोपी ने युवती को बातचीत के बहाने अपने सरकारी आवास पर बुलाया। वहां उसने युवती के साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपी ने जल्द शादी होने का भरोसा दिलाया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी कई बार उसे अपने आवास पर बुलाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।

आरोपी ने शादी से किया इनकार

युवती ने पुलिस को बताया कि जब शादी की तैयारियां शुरू हुईं और लगुन सहित अन्य रस्मों की चर्चा होने लगी तो आरोपी ने अचानक शादी से इन्कार कर दिया। स्वजन और समाज के लोगों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी अपने फैसले पर अड़ा रहा। आरोप है कि उसने धमकी भरे अंदाज में साफ कह दिया कि वह किसी भी हालत में शादी नहीं करेगा। इसके बाद पीड़िता माधौगंज थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी जवान के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जब आरोपी के सरकारी आवास पर पहुंची तो वह वहां से फरार मिला। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले को लेकर एएसपी सुमन गुर्जर ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *