मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव गुरुवार को उज्जैन के मक्सी रोड स्थित जय गुरुदेव आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने गुरुदेव महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया और गुरुदेव का अमृत प्रवचन का श्रवण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ यादव ने गुरुदेव के निर्देश पर मंच से ही गुरुदेव के अनुयायियों को संबोधित करते हुए कहा की उज्जैन में आना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। गुरुवर को देखकर ऐसा लगता है कि स्वयं ईश्वर को देख लिया हो। यह आश्रम परमात्मा का घर है, परमात्मा का आशीर्वाद है कि हमें गुरुवर का आशीर्वाद उनके स्वरूप में मिल रहा है और जीवन में सत्य कार्य करने का जो मार्गदर्शन हमें गुरुवर के चरणों से मिलता है उसे जीवन जीने का नया मार्ग हमें प्राप्त होता है।
‘हम सनातनी परंपरा को बढ़ाने का कार्य कर रहे’
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा की महाराज की कृपा से हमने प्रदेश में गौशालाओं को बनाने और संरक्षण देने का काम कर रहे हैं। उज्जैन सहित अन्य धार्मिक नगरों में भी शराब बंदी के लागू की है और प्रदेश में उज्जैन ओंकारेश्वर, महेश्वर दतिया, पीतांबरा पीठ, सलकनपुर ,ओरछा ,चित्रकूट सहित 19 नगरों में शराबबंदी का आदेश आपकी कृपा से ही हो पाया है। प्रदेश में आपके बताए अनुशासन से ही कार्य हो रहे हैं। महाराज गुरुदेव की कृपा से हम सनातनी परंपरा को आगे बढ़ाने और जीवन यापन के सही तरीके को अपनाने का मार्गदर्शन और शिक्षा जो आपके द्वारा बताई जाती है उसको प्रदेश में लागू कर रहे हैं ।
‘उज्जैन अब धार्मिक नगरी के साथ उत्सव की नगरी’
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा की सिंहस्थ 2028 में उज्जैन को हम मेट्रो सिटी के साथ-साथ आध्यात्मिक, सांस्कृतिक नगरी के रूप में भी स्थापित कर पाएंगे। उज्जैन अब धार्मिक नगरी के साथ उत्सव की नगरी भी हो गई है गुरुदेव की कृपा से अब हम हर जिले में गीता वन बना रहे हैं जहां पर भगवान कृष्ण की उपदेशों का वाचन और आध्यात्मिक अध्ययन भी हो सकेगा। भगवान कृष्ण के अनुयाई होते हुए हम सब गोपालन को भी अपना रहे हैं और गोपालक परिवारों को आर्थिक सहायता भी दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा की प्रदेश के साथ देश के अलग अलग जगहों से आए भक्त जय गुरुदेव आश्रम के माध्यम से भक्ति मार्ग की ओर आगे बढ़ रहे हैं। गुरुदेव के आशीर्वाद से ही हम प्रदेश की जनता की समर्पित भाव से सेवा में लगे हैं। महाराज गुरुदेव का आशीर्वाद और उनका मार्गदर्शन सदैव मिलता है।
ये भी पढ़ें: कलयुगी बेटे ने मां को उतारा था मौत के घाट, स्टील के कड़े से किया था वार, अदालत ने दी उम्र कैद की सजा
आम जनता भी विकास के कार्यों में कर रही सहयोग
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रामघाट पर मीडिया से कहा कि सिंहस्थ 2028 को लेकर आज मैंने रामघाट पर किए जा रहे कार्यों को देखा है। मध्य प्रदेश सरकार सिंहस्थ में उज्जैन में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छे से अच्छा कार्य करने में लगी हुई है। अधिकारी ही नहीं हम खुद यहां किया जा रहे हैं कार्यों की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। इन कार्यों का लाभ सिंहस्थ के बाद भी लोगों को मिलता रहे ऐसे हमारे प्रयास है। यह एक धार्मिक नगरी है जनप्रतिनिधि ही नहीं बल्कि आम जनता भी विकास के कार्यों में सहयोग कर रही है धर्मस्थलों को हटाने के लिए खुद पहल की जा रही है यह बड़ी अनुकूल बात है। ऐसे कार्यों से हमें गर्व होता है।
