उज्जैन जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष अशोक जाट का जिलाबदर निरस्त कराने के लिए किसान भी कांग्रेस के साथ मिलकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार सुबह प्रशासनिक भवन कोठी रोड पर किसान इसी मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे तभी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज में एक किसान की आंख के नीचे चोट लगी है, जबकि तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष अशोक जाट को पांच दिन पहले जिलाबदर किया गया था। उन पर किसानों के पक्ष में आंदोलन करने के चार्ज हैं। किसानों का कहना है कि चूंकि जिले में अभी समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी चल रही है और वह इसमें खलल डाल सकते थे, इसलिए जिलाबदर की कार्रवाई की गई है, लेकिन इस आदेश के खिलाफ तीन दिन पहले कांग्रेस ने प्रशासनिक संकुल पर धरना दिया था और अल्टीमेटम देकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष और शहर कांग्रेस अध्यक्ष लौट आए थे। सोमवार सुबह फिर किसानों और कांग्रेस ने मिलकर उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। जाट समाज के युवा नेता राधे जाट ने बताया कि कांग्रेस, किसान संगठन और जाट समाज ने कलेक्टर को ज्ञापन देने के लिए बुलाया था, लेकिन कलेक्टर ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पर ही ज्ञापन चस्पा कर प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
ये भी पढ़ें- सीधी में सनसनी: लाल पोटली में मिला मासूम का नरकंकाल, गांव में हड़कंप; तंत्र-मंत्र की आशंका से सहमे ग्रामीण
21 मई तक का दिया अल्टीमेटम
राधे जाट ने कहा कि जाट समाज ने प्रशासन को 21 मई तक का अल्टीमेटम दिया है। अगर अशोक जाट का जिलाबदर आदेश नहीं हटाया गया और उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो 21 मई को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया जाएगा। और अगला आंदोलन भोपाल में किया जाएगा।
हमें प्रदर्शन में आने से रोका गया
महिदपुर विधायक दिनेश जैन बोस ने कहा कि वे किसानों की लड़ाई लगातार लड़ते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उज्जैन आते समय पुलिस ने उन्हें भी रोकने की कोशिश की, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं। जबकि कांग्रेस विधायक महेश परमार, नेता मुकेश भाटी और बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता ट्रैक्टरों के साथ प्रदर्शन में शामिल होने उज्जैन पहुंच रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें बड़नगर रोड स्थित ब्रिज के नीचे रोक दिया।
जमकर मचा हंगामा
कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कहा कि किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अशोक जाट किसानों की एक आवाज पर पहुंच जाते हैं। ऐसे नेता को जिलाबदर कर दिया गया, जबकि उज्जैन में गुंडे खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस ने किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ता को कलेक्टर परिसर तक नहीं जाने दिया। कार्यकर्ताओं को रोके जाने के बाद मौके पर जमकर हंगामा शुरू हो गया। करीब एक घंटे तक पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बहस और धक्का-मुक्की होती रही। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने लाठियां भांजीं। पुलिस कार्रवाई के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

ऐसे चलाई लाठियां

उज्जैन में कांग्रेस का प्रदर्शन

ऐसे चलाई लाठियां
