मध्यप्रदेश में किसानों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार 7 मई को बड़े स्तर पर आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी प्रदेशभर में 7 अलग-अलग स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्गों को जाम कर सड़क सत्याग्रह करेगी। इस आंदोलन के जरिए कांग्रेस सरकार पर गेहूं खरीदी व्यवस्था में विफलता और किसानों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगा रही है। पीसीसी में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने बताया कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ हाईवे जाम करने की तैयारी की है। आंदोलन का नेतृत्व वे खुद करेंगे वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इसमें सक्रिय भूमिका की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन इसका उद्देश्य सरकार तक किसानों की आवाज मजबूती से पहुंचाना है।

11 जिलों में 747 किमी तक ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका

इस आंदोलन का असर व्यापक हो सकता है। कांग्रेस के अनुसार 11 जिलों के करीब 747 किलोमीटर क्षेत्र में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

खरीदी व्यवस्था पर सीधा हमला

कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में गेहूं खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पार्टी का कहना है कि बार-बार खरीदी की तारीख बढ़ाना और स्लॉट बुकिंग में देरी यह दिखाता है कि सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक खरीदी के शुरुआती 14 दिनों में केवल 9.30 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हो पाई, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। किसान पंजीयन, स्लॉट बुकिंग, पर्ची अपलोड और भुगतान में देरी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

पूर्व मंत्री और सांसद संभालेंगे मोर्चा

शाजापुर: देवास, राजगढ़, आगर मालवा, उज्जैन, सीहोर, रायसेन के कार्यकर्ता शामिल होंगे। यहां प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी मौजूद रहेंगे।

खलघाट: धार, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ के कार्यकर्ता जुटेंगे। नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री बाला बच्चन और सचिन यादव करेंगे।

शिवपुरी: शिवपुरी और अशोकनगर के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

ग्वालियर: ग्वालियर और दतिया के कार्यकर्ताओं के साथ राज्यसभा सांसद अशोक सिंह मौजूद रहेंगे।

मुरैना: मुरैना और भिंड के कार्यकर्ताओं का नेतृत्व गोविंद सिंह और हेमंत कटारे करेंगे।

इंदौर: शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ता जुटेंगे, यहां पीसीसी चीफ जीतू पटवारी मौजूद रहेंगे।

गुना: आसपास के जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह शामिल रहेंगे।

यह भी पढ़ें-भोपाल में चयनित शिक्षक-अभ्यर्थियों का DPI के सामने प्रदर्शन,9 माह से अटकी नियुक्ति पर फूटा गुस्सा

 सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे सड़क सत्याग्रह’ बताते हुए कहा कि आंदोलन का उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि किसानों के हक की आवाज उठाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने गेहूं खरीदी को लेकर किसानों से किए वादे पूरे नहीं किए। कांग्रेस का कहना है कि उत्पादन और खरीदी के आंकड़ों में बड़ा अंतर है, जिससे किसानों की उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा।

कांग्रेस की सरकार से मांग 

– गेहूं का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए

– कम दाम पर बेचे गए गेहूं का अंतर किसानों को दिया जाए

– खरीदी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए

यह भी पढ़ें-कल से शुरू होगी MP बोर्ड द्वितीय परीक्षा, 624 केंद्रों में 3.42 लाख विद्यार्थी, रहेगी सख्त निगरानी

गेहूं खरीदी की सीमा बढ़ाई गई

वहीं, सरकार ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का कहना है कि गेहूं खरीदी की सीमा बढ़ाई गई है और प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। सरकार का दावा है कि अब तक बड़ी मात्रा में गेहूं खरीदा जा चुका है और किसानों की सुविधा के लिए तौल कांटे और वेयरहाउस क्षमता भी बढ़ाई गई है। एक तरफ कांग्रेस आंदोलन के जरिए दबाव बनाने की तैयारी में है, तो दूसरी ओर प्रशासन ने संभावित जाम और भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *