यूं तो मई माह में तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहेगा, लेकिन बीच-बीच में तापमान बढ़ सकता है और तीखी गर्मी लोगों को झेलनी पड़ सकती है। …और पढ़ें

HighLights
- मई के पहले सप्ताह में 45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
- बीच-बीच में बादल और हल्की वर्षा से मिलेगी राहत
- रात में भी बढ़ेगी गर्मी, डिहाइड्रेशन का खतरा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर में आज यानी रविवार से सप्ताहभर गर्मी के तेवर मिलेजुले रहेंगे। गर्मी भी रहेगी और बीच-बीच में मौसम में बदलाव होने से ठंडक का भी अहसास हो सकता है।
तापमान 45 डिसे तक पहुंचने की भी संभावना
हालांकि तापमान 45 डिसे तक पहुंचने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक यूं तो मई माह में तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहेगा, लेकिन बीच-बीच में तापमान बढ़ सकता है और तीखी गर्मी लोगों को झेलनी पड़ सकती है।
पहला सप्ताह रहता है सबसे गर्म
मई का पहला सप्ताह ऐतिहासिक रूप से शहर के लिए सबसे गर्म रहता है। एक मई को तापमान 39.6 डिसे दर्ज किया गया था। आगामी दिनों में मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने की संभावना है। ऐसे में सूरज की सीधी किरणें धरती पर आएंगी, ऐसे में तापमान भी बढ़ सकता है और गर्मी भी बढ़ सकती है।
बीच-बीच में पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से बादल भी आ सकते हैं और गरज-चमक के साथ वर्षा भी हो सकती है।
तापमान का असर केवल दिन तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान भी 26 डिसे से ऊपर जाने का अनुमान है। यानी रात के समय भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। आर्द्रता कम रहने के कारण हवा बेहद शुष्क रहेगी, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है।
हालांकि, बीते दिनों स्थानीय स्तर पर बने सिस्टम के कारण हल्की वर्षा और ओलावृष्टि देखी गई थी, जिससे तापमान में कुछ समय के लिए गिरावट आई थी, लेकिन तीन से नौ मई के बीच ऐसा कोई बड़ा सिस्टम सक्रिय होने की संभावना नहीं है।

यह रह सकता है सात दिनों में मौसम
- 3 मई: मौसम शुष्क रहेगा और तापमान 39 डिसे के पास रहेगा।
- 4 मई: बादल छा सकते हैं और हल्की वर्षा हो सकती है।
- 5 मई: बादल रहेंगे और कहीं कहीं हल्की से तेज वर्षा हो सकती है।
- 6 मई: मौसम खुला रहेगा और आसमान साफ रहेगा। ऐसे में गर्मी बढ़ सकती है।
- 7 मई: एक बार फिर आसमान पर बादल आ सकते हैं और हल्की वर्षा हो सकती है।
- 8 मई: हल्की वर्षा हो सकती है और तेज हवा भी चल सकती है।
- 9 मई: मौसम साफ हो सकता है और तापमान 40 के करीब रहेगा।
