भोपाल स्थित क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान में संस्थान की विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में मंगलवार से दो दिवसीय सांस्कृतिक समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। इस वर्ष समारोह की थीम ‘रूट्स टू रूट्स’रखी गई है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और भारतीय परंपराओं के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के पहले दिन संस्थान परिसर उत्साह और उमंग से भरा नजर आया। विद्यार्थियों ने द्रौपदी चीरहरण की प्रस्तुति दी। महाभारत के इस प्रसंग को विद्यार्थियों ने भावनात्मक और प्रभावशाली अंदाज में मंचित किया। द्रौपदी के अपमान, सभा की चुप्पी और श्रीकृष्ण की कृपा को संवाद और अभिनय के जरिए जीवंत रूप दिया गया, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया।
ये भी पढ़ें- MP कैबिनेट बैठक: प्रदेश के 38,901 आंगनवाड़ी भवन होंगे ‘रोशन’, विकास कार्यों के लिए 26,800 करोड़ की मंजूरी
रानी पद्मावती के साहस, स्वाभिमान की प्रस्तुति को खूब सराहा
इसके अलावा विद्यार्थियों ने रानी पद्मावती के साहस, स्वाभिमान और बलिदान की गाथा को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। राजपूताना गौरव और आत्मसम्मान की भावना से भरी इस प्रस्तुति को खूब सराहा गया। छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रस्तुति में शिवाजी महाराज के शौर्य, रणनीति और राष्ट्रभक्ति को मंच पर उतारा गया। छात्रों ने उनके संघर्ष और नेतृत्व क्षमता को प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से दर्शाया।
ये भी पढ़ें- MP News: सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान, अब सिलेबस में पढ़ाई जाएगी राजा हिरदेशाह की जीवनगाथा, बनेगा तीर्थ स्थल
प्रचार्य ने सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए प्रेरित किया
इससे पहले समारोह की शुरुआत संस्थान के प्राचार्य प्रो. शिव कुमार गुप्ता, डीन प्रो. जयदीप मंडल, सभी विभागाध्यक्षों एवं सीएसए डॉ. सौरभ कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। अतिथियों ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
ये भी पढ़ें- विस में 33% महिला आरक्षण का संकल्प पारित: CM बोले-कांग्रेस ने बहनों की क्षमता-आकांक्षाओं की पीठ में खंजर घोंपा
पहले दिन विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया
पहले दिन एकल गायन, युगल गायन, समूह गायन और थीमेटिक प्रस्तुतियों जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिनय क्षमता और अपनी संस्कृति से जुड़ाव ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम ने न केवल छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल को भी मजबूत किया। समारोह के दूसरे दिन भी विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं और प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
