नगर निगम के पीएचई विभाग के इंजीनियरों ने इंडस्ट्रियल एरिया में सीवर लाइन डालने के लिए स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन द्वारा आठ करोड़ रुपये की लागत से तैयार क …और पढ़ें

Publish Date: Sun, 15 Feb 2026 09:49:35 AM (IST)Updated Date: Sun, 15 Feb 2026 09:49:35 AM (IST)

ग्वालियर में नगर निगम की लापरवाही: 8 करोड़ की नई सड़क को सीवर के लिए खोदा, मशीन की टक्कर से महिला घायल
ग्वालियर में नगर निगम की लापरवाही

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। नगर निगम के पीएचई विभाग के इंजीनियरों ने इंडस्ट्रियल एरिया में सीवर लाइन डालने के लिए स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन द्वारा आठ करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई तानसेन रोड को खोद दिया। मुख्य मार्ग को खोदने से पहले न तो ट्रैफिक पुलिस को सूचना दी गई और न कोई डायवर्जन प्लान तैयार किया गया। इसका नतीजा यह रहा कि दिनभर हजीरा से पड़ाव के बीच चलने वाले वाहन जाम में फंसते नजर आए।

पीएचई का कोई इंजीनियर भी मौजूद नहीं

मुख्य मार्ग पर काम के दौरान पीएचई का कोई इंजीनियर भी मौजूद नहीं था। बिना निगरानी सिर्फ मजदूरों के भरोसे काम चलता रहा। इसी बीच खोदाई के काम में लगी बैकहो लोडर मशीन के ड्राइवर ने मशीन का पंजा (बैकहो बकेट) ऐसा चलाया कि मौके से गुजर रही एक महिला इसकी चपेट में आकर घायल हो गई। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल हजीरा में भर्ती कराया गया।

हजीरा से लेकर पड़ाव तक की जर्जर सड़क को एक साल पहले ही स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन ने आठ करोड़ रुपये की लागत से बनाकर तैयार किया था। इसी सड़क से होकर तानसेन नगर औद्योगिक क्षेत्र के लिए रास्ता गया है। तानसेन नगर औद्योगिक क्षेत्र में तलवार वाला बाड़ा में पेड़ की जड़ें घुसने के कारण बार-बार सीवर लाइन जाम हो रही है। ऐसे में यहां नई लाइन डालने का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है।

चार इंची पानी की पाइपलाइन भी फूट गई

दूसरी तरफ शनिवार को स्टेट बैंक चौराहा पर चार इंची पानी की पाइपलाइन भी फूट गई थी। ऐसे में दोनों कार्यों को एक साथ करने के लिए ठेकेदार जैन एंड राय कंस्ट्रक्शन द्वारा बैकहो लोडर मशीन लगाकर खोदाई का काम शुरू करा दिया। मुख्य मार्ग पर खोदाई करने से पहले वाहनों के आवागमन की व्यवस्था बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को सूचना देने का नियम है, लेकिन नगर निगम की ओर से ट्रैफिक पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। इसके चलते दिनभर जाम की समस्या बनी रही।

सड़क पर ही बैकहो लोडर मशीन काम कर रही थी और पास से वाहन गुजर रहे थे। इसी बीच बैकहो लोडर मशीन का पंजा (बैकहो बकेट) वहां से गुजर रही एक महिला के कंधे में जोरदार तरीके से टकराया। इससे महिला घायल हो गई। मौके पर मौजूद अवंतिका गैस कंपनी की गाड़ी से महिला को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।

औद्योगिक क्षेत्र तक खोदी जाएगी सीसी रोड

तानसेन रोड से लेकर औद्योगिक क्षेत्र तक जाने के लिए पिछले दिनों सीमेंट कंक्रीट की रोड तैयार की गई थी। इस रोड को सीसी इसलिए बनाया गया था, क्योंकि यहां से कच्चा माल लेकर आने वाले भारी वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में डामर की रोड जल्द ही खराब हो जाती है, लेकिन अब नई बनी सीसी रोड को भी सीवर लाइन डालने के लिए खोदा जाएगा। सीवर लाइन डालने के बाद फिर से इस रोड को तैयार करने में राशि खर्च करनी पड़ेगी।

अधिकारियों का क्या कहना

चार इंच की पानी की लाइन फूटने और औद्योगिक क्षेत्र तक सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई की जा रही थी। हमने इस दौरान बेरीकेडिंग की थी और कंपनी का इंजीनियर भी मौजूद था। इसी दौरान अचानक महिला बैकहो लोडर मशीन की चपेट में आकर घायल हो गई। उसे इलाज के लिए भेज दिया गया था।

रामसेवक शाक्य, सहायक यंत्री पीएचई नगर निगम।

यह भी पढ़ें- 634 करोड़ की ठगी पर मध्य प्रदेश बेबस: यूपी में 75 साइबर थाने, एमपी में अब भी सिर्फ एक के भरोसे सुरक्षा



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *