सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय नाबालिग द्वारा कथित सामूहिक दुष्कर्म की झूठी कहानी गढ़े जाने का खुलासा पुलिस जांच में हुआ है। प्रारंभिक तौर पर मामला गंभीर अपराध का प्रतीत हो रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर सच्चाई कुछ और ही निकली।

मेडिकल जांच में सामने आई सच्चाई

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम एक बुजुर्ग महिला अपनी 16 वर्षीय पोती को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों द्वारा जांच के लिए नाबालिग को गायनिक वार्ड भेजा गया, जहां प्रारंभिक परीक्षण में यह पुष्टि हुई कि वह करीब पांच माह की गर्भवती है। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया और अस्पताल प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।

सामूहिक दुष्कर्म की कहानी निकली झूठी

मेडिकल रिपोर्ट के बाद जब पुलिस ने नाबालिग और उसके परिजनों से पूछताछ शुरू की, तो पीड़िता ने स्कूल में सामूहिक दुष्कर्म की घटना होने की बात कही। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के नेतृत्व में टीम ने गांव, स्कूल और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पीड़िता के बयान और तथ्यों में लगातार विरोधाभास सामने आए, जिससे पुलिस को शक हुआ।

अलग से पूछताछ में किया सच कबूल

घटना के बाद जब सब-इंस्पेक्टर प्रीति कुशवाहा ने नाबालिग से अलग से काउंसलिंग और पूछताछ की। इस दौरान नाबालिग ने स्वीकार किया कि उसने सामूहिक दुष्कर्म की कहानी खुद ही बनाई थी और इस संबंध में परिजनों व पुलिस को गुमराह किया।

पढ़ें: एमपी में कांग्रेस को झटका: दतिया विधायक राजेंद्र भारती दोषी, 25 साल पुराने बैंक घोटाले में भेजे गए तिहाड़ जेल

प्रेम संबंध का खुलासा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नाबालिग के अपने ही गांव के एक नाबालिग लड़के के साथ प्रेम संबंध थे। इसी संबंध के चलते वह गर्भवती हुई। हालांकि, दोनों ही नाबालिग होने के कारण मामला अब कानूनी और संवेदनशील दायरे में आ गया है।

पुलिस कर रही वैधानिक कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नाबालिग से जुड़े मामलों में लागू कानूनों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी स्तर पर कानून का उल्लंघन न हो सामाजिक पहलू भी महत्वपूर्ण यह मामला केवल कानूनी नहीं बल्कि सामाजिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे मामलों में बच्चों के बीच जागरूकता, परामर्श और परिवार की भूमिका बेहद अहम होती है, ताकि वे गलत फैसलों या डर के कारण गलत जानकारी न दें।

क्या बोले थाना प्रभारी?

मामले पर संदीप चतुर्वेदी थाना प्रभारी रामपुर बघेलान ने बताया कि किशोरी द्वारा भ्रामिक जानकारी पुलिस और अन्य लोगों को दी गई। जिसके बाद पूछताछ में उसने अपनी झूठी कहानी को स्वीकार किया है और यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed