राजधानी भोपाल में रंगपंचमी की रात हुई 55 लाख 50 हजार रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र में स्मार्ट सिटी रोड पर गुजरात के दो युवकों से यह रकम लूटी गई थी। जांच में सामने आया है कि यह रकम हवाला की थी और लूट की पूरी साजिश एक निजी फर्म में काम करने वाले एकाउंटेंट ने रची थी। पुलिस ने इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ बदमाश अभी भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों से अब तक 35 लाख रुपये बरामद किए गए हैं, जबकि बाकी रकम की तलाश जारी है।
एकाउंटेंट निकला लूट का मास्टरमाइंड
भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार सिंह ने बताया कि इस डकैती का मास्टरमाइंड एकाउंटेंट गौरव चेतवानी है। गौरव ऑनलाइन सट्टा खेलने का शौकीन था और इसी कारण उस पर करीब चार-पांच लाख रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने बड़ी रकम हासिल करने की योजना बनाई। उसे पता था कि कुछ लोग भोपाल से हवाला के जरिए बड़ी रकम एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचाते हैं। इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने दोस्त अनवर शेख के साथ मिलकर पूरी साजिश रची। अनवर शेख ने अपने दोस्त अब्दुल नवेद को इस योजना में शामिल किया और नवेद ने अपने साथी आसिम से बात कर लूट की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मामला हवाला का होने के कारण इसकी जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है। संभावना है कि सोमवार से आयकर विभाग भी इस मामले में पूछताछ शुरू कर सकता है।
एक दिन पहले भोपाल टॉकीज के पास बनी थी पूरी योजना
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक वारदात से एक दिन पहले आसिम, नवेद, सलमान और शानू भोपाल टॉकीज के पास मिले थे। यहीं बैठकर हवाला की रकम लूटने की पूरी योजना बनाई गई। इसके बाद नवेद, आसिम, फैसल और अनवर ने उस रास्ते की रेकी की, जिस रास्ते से हवाला का पैसा ले जाया जाना था। फिर शानू ने शान, हैदर और फरदीन को लूट की जिम्मेदारी दी। उन्हें समझाया गया कि उन्हें सिर्फ पैसे ले जाने वालों की गाड़ी को टक्कर मारकर रोकना है, बाकी लोग पीछे से पैसे लेकर फरार हो जाएंगे।
ये भी पढ़ें- MP: एक तरफा प्यार की सनक में रच डाली अपहरण की साजिश, पुलिस को लगी भनक तो तीन आरोपियों को यहां से दबोचा
इस तरह दिया गया वारदात को अंजाम
7 मार्च को पालिटेक्निक चौराहे के पास शान, फरदीन, हैदर, मुज्जमिल, अल्फेज और भूरा वारदात को अंजाम देने के लिए एक साथ जुटे। इसी दौरान मास्टरमाइंड गौरव चेतवानी ने हवाला का पैसा लेकर जा रहे गुजरात के युवक दिव्यांग बरोट और उसके साथी की पहचान कराई। उसने उनकी गाड़ी की लोकेशन की जानकारी अनवर शेख को दी। अनवर शेख अपने दोस्त फैसल के साथ एक्टिवा का पीछा करने लगा। उसने लगातार गाड़ी की लोकेशन नवेद को दी और नवेद ने यह जानकारी शानू तक पहुंचाई। जब फरियादी पालिटेक्निक से स्मार्ट सिटी रोड की ओर बढ़े, तब शान, फरदीन, हैदर, मुज्जमिल, अल्फेज और फाजिल उर्फ भूरा दो एक्सेस गाड़ियों से उनका पीछा करने लगे। आंचलिक विज्ञान केंद्र के पास शान ने अपनी गाड़ी एक्टिवा के आगे लगा दी और अल्फेज ने पीछे से रास्ता रोक दिया। इसके बाद फरदीन और फाजिल उर्फ भूरा ने बैग में रखी रकम छीन ली और मौके से फरार हो गए।
12 आरोपी गिरफ्तार, कई अभी भी फरार
पुलिस ने इस मामले में गौरव चेतवानी, हैदर रहमान, फाजिल उर्फ भूरा, अल्फेज, मुज्जमिल, शान डिसेंट उर्फ उमाम, सोहेल उर्फ गुड्डा, अनवर शेख, अब्दुल नवेद, शालू उर्फ साकिल अहमद, सलमान समद और फैसल खान को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी भोपाल के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं इस मामले में फरदीन, जावेद, आसिम समेत कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस की करीब दस टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। इस मामले में पुलिस ने डकैती की धाराओं में केस दर्ज किया है। खास बात यह है कि इस साल भोपाल में डकैती की धाराओं में दर्ज किया गया यह पहला मामला है। पुलिस अब बाकी रकम और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
