मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पुराने शहर स्थित टीला जमालपुरा इलाके में एक स्नूकर क्लब में छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि थप्पड़ मारने के विवाद के बाद दो नाबालिगों ने एक स्कूली छात्र पर छुरी से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुराने शहर के स्नूकर और पूल गेम क्लबों में देर रात तक भीड़ बनी रहती है। यहां आने वाले युवकों के बीच वर्चस्व को लेकर अक्सर तनातनी की स्थिति बनती है। इसी क्रम में यह घटना घटित हुई।
30 सेकंड में 27 वार, छात्र गंभीर घायल
थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित 16 वर्षीय छात्र गौतम नगर थाना क्षेत्र में रहता है और रोजाना पूल खेलने टीलाजमालपुरा स्थित क्लब आता था। कुछ दिन पहले उसका क्लब में ही 16-16 वर्षीय दो अन्य नाबालिगों से विवाद हो गया था। बताया गया है कि उस दौरान छात्र ने दोनों को थप्पड़ मार दिए थे।

इसी रंजिश में 15 फरवरी को आरोपियों ने हमला किया। पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिगों ने महज 30 सेकंड में छात्र पर 27 वार किए और मौके से फरार हो गए। घायल छात्र किसी तरह जान बचाने में सफल रहा। हमले में उसकी एक कलाई पर 10 से अधिक गहरे कट लगे हैं, जबकि दूसरे हाथ की दो उंगलियां कट गई हैं। कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है।
एक सप्ताह बाद वीडियो आया सामने
घटना करीब एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है। इसका वीडियो अब सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आया। हमला करने वाले दोनों नाबालिग भी 10वीं कक्षा के छात्र हैं और घायल छात्र के साथ कोचिंग में पढ़ते हैं। पूल गेम में वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी तनातनी हो चुकी थी।
पुलिस जांच जारी, धाराओं में बढ़ोतरी संभव
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने साधारण धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा नोटिस देकर छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि जांच में घटना गंभीर पाई जाती है तो धाराओं में इजाफा किया जाएगा।
